पैसे के लेनदेन में हो गया बड़ा कांड, 2 पक्षों में गोलीबारी में 3 लोगों की मौत, एक घायल

पटना (ईएमएस)। पटना में गुरुवार को पैसे के लेनदेन के विवाद में दो पटीदारों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों से करीब 50 राउंड फायरिंग हुई जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया जिसका इलाज चल रहा है। यह घटना फतुहा थाना क्षेत्र के सुरगा गांव की है। मृतकों की पहचान शैलेश सिंह, जय सिंह और प्रदीप सिंह के रूप में हुई है तथा 22 साल का युवक मिंटूस कुमार गोलीबारी में घायल है।

घायल को नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात सुरगा गांव में दूध का बकाया पैसा मांगने को लेकर दो पटीदारों में मारपीट हुई। उसके बाद दोनों पक्षों से करीब 50 राउंड फायरिंग हुई। इसमें दोनों पक्ष के 4 लोगों को गोली लगी जिसमें 3 की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई एक युवक की हालत गंभीर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में तनाव के कारण पुलिस कैंप कर रही है। इस मामले में ग्रामीण एसपी संदीप सिंह ने बताया कि फतुहा थाना क्षेत्र के रहने वाले एक ही समुदाय के लोगों के बीच दूध के लेन-देन पर विवाद था। इसी कारण 2 गुटों में फायरिंग हुई है।

खबरें और भी हैं...