उदयपुर में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात: 2 दिन से लापता बुजुर्ग पति-पत्नी के शव घर के बक्से में मिले, प्लास्टिक में थे लिपटे

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले के आदिवासी अंचल सायरा थाना क्षेत्र के पुनावली गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां बीते दो दिनों से लापता बुजुर्ग पति-पत्नी के शव उनके ही घर के अंदर एक लोहे के बक्से से बरामद हुए हैं। शुक्रवार सुबह जब बंद घर से असहनीय बदबू आने लगी, तो पड़ोसियों ने अंदर जाकर छानबीन की। बक्सा खोलने पर अंदर का नजारा देखकर हर कोई दंग रह गया—बुजुर्ग दंपति के शव प्लास्टिक की थैलियों में लपेटकर बक्से में बंद किए गए थे और उसके ऊपर बिस्तर ढक दिए गए थे ताकि किसी को शक न हो।

सूचना मिलते ही सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतका की पहचान लहरी लाल पालीवाल और उनकी पत्नी राधा देवी के रूप में हुई है।

दूध देने नहीं पहुंचे तो खुला राज, गुजरात से दौड़ा आया बेटा

स्थानीय निवासियों के अनुसार, लहरी लाल पालीवाल गांव में दूध बेचने का काम करते थे। बुधवार सुबह जब वह दूध देने नहीं पहुंचे, तो पड़ोसियों को चिंता हुई। पड़ोसियों ने घर जाकर देखा तो दरवाजा खुला पड़ा था, लेकिन अंदर कोई मौजूद नहीं था। इसके बाद पड़ोसियों ने तुरंत गुजरात के राजकोट में काम करने वाले उनके बेटे मनोहर को फोन पर पूरी जानकारी दी।

बेटे की सूचना पर रिश्तेदारों ने भी आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन दंपति का कोई सुराग नहीं मिला। माता-पिता के रहस्यमयी तरीके से गायब होने की खबर सुनते ही बेटा मनोहर तुरंत राजकोट से गांव पहुंचा और सायरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

रेकी कर हत्या की आशंका, बेटे ने मंगलवार रात की थी बात

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। बेटा मनोहर राजकोट में नौकरी करता है, जिस कारण बुजुर्ग दंपति कई सालों से गांव में अकेले ही रहते थे। परिजनों का मानना है कि बदमाशों ने पहले घर की रेकी की और फिर इस वारदात को अंजाम दिया।

बेटे मनोहर ने बताया कि मंगलवार रात उसकी अपनी मां से फोन पर बात हुई थी, जिसके बाद वे सोने चले गए थे। माना जा रहा है कि मंगलवार देर रात ही अज्ञात बदमाशों ने दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शवों को प्लास्टिक में पैक करके बक्से में छिपा दिया।

शव मिलने से एक दिन पहले ग्रामीणों ने किया था थाने का घेराव

घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। शव मिलने से ठीक एक दिन पहले (गुरुवार को) पुनावली गांव के आक्रोशित लोगों ने सायरा थाने का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया था। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी बुजुर्ग दंपति का सुराग न मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की थी। फिलहाल पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं और संदिग्धों के साथ-साथ पड़ोसियों से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha