
उन्नाव। फसल की रखवाली कर रहे किसान की देर रात धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह खेत में चारपाई पर उसका रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या की आशंका में रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खुशरुपुर ग्राम पंचायत के मजरा भिखारीपुर निवासी कन्हैयालाल (55) मंगलवार शाम करीब छह बजे रोज की तरह खेत की रखवाली के लिए घर से निकले थे। बुधवार सुबह घर न लौटने पर बेटा राकेश खेत पर पहुंचा तो झोपड़ी के पास चारपाई पर पिता का खून से लथपथ शव पड़ा मिला।
राकेश ने बताया कि वह मंगलवार रात करीब आठ बजे पिता को खाना देने खेत गया था और रात एक बजे वापस घर लौटा था। सुबह खेत पहुंचने पर पिता मृत अवस्था में मिले। घटनास्थल पर चारपाई के एक पाये में झोले में टिफिन टंगा मिला, जबकि जूते चारपाई के दूसरी ओर पड़े थे। पास में पानी की बोतल भी पड़ी थी और झोपड़ी के अंदर पैरा में खून के निशान मिले हैं।

जमीन विवाद में हत्या की आशंका
मृतक के बेटे ने गांव के नंगू, उसके पुत्र सोहन तथा दैनीपुरवा निवासी हरिपाल और ज्ञानी पर हत्या की आशंका जताई है। राकेश के अनुसार करीब छह वर्ष पहले उसके पिता ने नंगू से एक बिस्वा जमीन खरीदी थी। छह माह पहले जब उस पर कब्जा लेने की कोशिश की गई तो आरोपियों ने विरोध करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।
वहीं ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर अन्य तरह की चर्चाएं भी हैं। कुछ लोगों का कहना है कि करीब 15 वर्ष पहले मृतक पड़ोस की एक महिला को अपने साथ ले गया था, जिसके चलते पुरानी रंजिश की भी आशंका जताई जा रही है।
सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रेमचंद्र, क्षेत्राधिकारी सोनम सिंह, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
मृतक के परिवार में पत्नी राजरानी, चार बेटे राकेश, सर्वेश, पूरन और परमेश्वर तथा तीन बेटियां किरन, निधि और सरोजनी हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि बेटे राकेश की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या की आशंका में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले के खुलासे के लिए एसओजी समेत चार टीमें लगाई गई हैं।









