बिठूर (कानपुर)। उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित रामा यूनिवर्सिटी में बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही छात्रा की खुदकुशी के मामले में नया मोड़ आया है। घटना के करीब एक महीने बाद बिठूर थाना पुलिस ने मृतका के कथित प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी लगातार छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था, जिससे तंग आकर उसने खौफनाक कदम उठाया।
शादी के दबाव से मानसिक तनाव में थी आशिया
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र (ग्राम कोईंदी बुजुर्ग) निवासी अब्दुल्लाह अंसारी ने बताया कि उसकी बहन आशिया खातून मंधना कस्बे में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करती थी। आरोप है कि कुशीनगर के ही कसया थाना क्षेत्र निवासी हबीब अंसारी पिछले तीन सालों से आशिया के संपर्क में था। पिछले कुछ महीनों से वह उस पर जबरन शादी करने का दबाव डाल रहा था, जिसके चलते आशिया गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रही थी।
6 जुलाई को कॉल के बाद उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों का कहना है कि 6 जुलाई 2026 को आरोपी हबीब अंसारी ने फोन कर फिर से शादी करने की जिद की और दबाव बनाया। इस बातचीत से बेहद परेशान होकर आशिया ने अपने किराए के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के समय पुलिस ने जांच शुरू की थी, लेकिन अब परिजनों की औपचारिक शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई
बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतका के भाई अब्दुल्लाह अंसारी की तहरीर पर आरोपी हबीब अंसारी के खिलाफ संबंधित धाराओं (आत्महत्या के लिए उकसाने) में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










