बलिया (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दोस्ती के रिश्ते को खून से नहला दिया गया। नरही थाना क्षेत्र के सोहांव में रविवार देर शाम बिहार के एक युवक को उसके ही दो जिगरी दोस्तों ने गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक की मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गए। घायल युवक को गंभीर हालत में वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
तड़पता छोड़ भागे हमलावर दोस्त
पुलिस के अनुसार, बिहार के बक्सर जिले के चौसा निवासी आर्यन यादव रविवार को सोहांव आया था। इसी दौरान उसके दोस्त बम और बबलू यादव ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने आर्यन पर एक के बाद एक चार राउंड गोलियां चलाईं। गोलियां आर्यन की पीठ और पैर में लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। आर्यन को तड़पता देख दोनों हमलावर उसकी बाइक लेकर रफूचक्कर हो गए।
वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर, पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में आर्यन को नरही सीएचसी ले जाया गया। हालत नाजुक होने के कारण उसे जिला अस्पताल और फिर वहां से बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) कृपाशंकर भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने फिलहाल आर्यन की स्थिति खतरे से बाहर बताई है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रेम प्रसंग में रची गई हत्या की साजिश!
पुलिस की शुरुआती जांच और घायल आर्यन से हुई पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस इस पूरी वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग का एंगल मान रही है। आशंका जताई जा रही है कि किसी युवती को लेकर हुए विवाद के कारण दोस्तों ने ही आर्यन की जान लेने की कोशिश की। एएसपी कृपाशंकर ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
बक्सर से बलिया तक हड़कंप
इस घटना ने सीमावर्ती इलाकों में हड़कंप मचा दिया है। बक्सर और बलिया पुलिस आपसी समन्वय के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही ‘बम’ और ‘बबलू यादव’ को दबोच लिया जाएगा। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।











