
-राशन वितरण के साथ ही कोटेदारों की आय में होगी वृद्धि
-एक हजार 33 कोटेदारों में से 520 ने किया आवेदन
मीरजापुर (हि.स.)। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर अब जन सुविधा केंद्र की सभी सुविधाएं मिलेंगी। राशन वितरण के साथ उपभोक्ता खतौनी, आय, जाति निवास आदि प्रमाण पत्र भी बनवा सकेंगे। इसके अलावा समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे। एक स्थान पर सभी समस्याओं का समाधान हो सकेगा। योजना से चार लाख 54 हजार 321 कार्डधारकों को लाभ मिलेगा।
आमजन को सुविधा प्रदान करने के लिए शासन ने सभी कोटे की दुकानों पर जन सुविधा केंद्र खोले जाने की स्वीकृति प्रदान की है। इसके लिए कोटेदारों को बाकायदा प्रशिक्षित भी किया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद कोटेदार सीएससी संचालन का कार्य आरंभ कर सकेंगे। इससे उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा वहीं कोटेदारों की आय में भी इजाफा होगा।
जिला पूर्ति अधिकारी उमेशचंद्र ने बताया कि मीरजापुर जनपद में लगभग एक हजार 33 कोटे की दुकानें संचालित हो रही हैं। इसमें से 918 ग्रामीण और 115 कोटे की दुकान शहर में संचालित हैं। योजना से चार लाख 54 हजार 321 कार्डधारकों को लाभ मिलेगा। अबतक 520 कोटेदारों ने सीएससी के लिए आवेदन किया है।
सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर मिलेगी ये सुविधाएं
कामन सर्विस सेंटर के जिला प्रबंधक रामेंद्र शुक्ल ने बताया कि कोटे की दुकान पर कार्डधारक अनाज के साथ ही अब कामन सर्विस सेंटर में पैन कार्ड, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाना, आधार रजिस्ट्रेशन से जुड़े काम करा सकते हैं। ऑनलाइन कोर्स, ई कॉमर्स सेल, सीएससी बाजार से संबंधित जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा बस, रेलवे और एयर टिकट भी बुक करा सकते हैं। मोबाइल और डीटीएच रिचार्ज करवा सकते हैं।











