आसमान में युद्ध का साया: ईरान-इजरायल टकराव से इंटरनेशनल उड़ानों पर ब्रेक, दिल्ली से लंदन रूट सबसे ज्यादा प्रभावित

नई दिल्ली। मध्य पूर्व (मिडल ईस्ट) में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच गहराते युद्ध के बादलों ने वैश्विक हवाई यातायात की कमर तोड़ दी है। युद्ध की आहट और हवाई क्षेत्रों (Airspace) में सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण दिल्ली सहित भारत के तमाम बड़े शहरों से उड़ान भरने वाली इंटरनेशनल फ्लाइट्स का गणित बिगड़ गया है। यात्रियों के लिए स्थिति यह है कि घंटों का सफर अब और लंबा हो गया है, जबकि दर्जनों एयरलाइंस ने अपनी सेवाएं फिलहाल ठप कर दी हैं।

तीन दिनों में 1000 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित

आंकड़ों पर नजर डालें तो इस सैन्य तनाव का सबसे बड़ा खामियाजा आम मुसाफिरों को भुगतना पड़ रहा है। बीते 28 फरवरी को भारतीय एयरलाइंस की लगभग 410 उड़ानें रद्द रहीं, वहीं 1 मार्च को 350 और 2 मार्च को भी 300 से अधिक उड़ानों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और पैसेंजर असिस्टेंस कंट्रोल रूम के जरिए पल-पल की निगरानी की जा रही है।

यूरोप जाने वाले यात्रियों की बढ़ी मुसीबत

सबसे ज्यादा असर उन रूट्स पर पड़ा है जो लंदन, ज्यूरिख, फ्रैंकफर्ट, पेरिस, एम्सटर्डम और मिलान जैसे यूरोपीय शहरों को जोड़ते हैं। ईरान और इराक का हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण विमानों को लंबे और वैकल्पिक रास्तों से भेजा जा रहा है। इस कारण यात्रा के समय में 2 से 4 घंटे तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कुछ लंबी दूरी की उड़ानों को ईंधन भरने के लिए रोम जैसे शहरों में ‘टेक्निकल स्टॉप’ लेना पड़ रहा है।

दिग्गज एयरलाइंस ने खड़े किए हाथ

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हवाई सेवाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक है। कतर एयरवेज और एतिहाद ने अपना परिचालन पूरी तरह निलंबित कर दिया है। वहीं, एमिरेट्स ने दुबई से संचालित होने वाली अपनी सभी उड़ानों को 2 मार्च की दोपहर तक के लिए रद्द कर दिया है। यूरोप की दिग्गज एयरलाइन लुफ्थांसा ने तो 7-8 मार्च तक मध्य पूर्व के कई गंतव्यों के लिए अपनी सेवाएं रोकने का बड़ा फैसला लिया है। ब्रिटिश एयरवेज और वर्जिन अटलांटिक ने भी रियाद, दुबई और बहरीन की फ्लाइट्स सस्पेंड कर दी हैं।

भारतीय कंपनियों पर भी पड़ा असर

ग्लोबल लेवल पर ईरान, इराक, कुवैत और यूएई के हवाई क्षेत्र प्रतिबंधित होने से 1600 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुई हैं। भारत की प्रमुख एयरलाइंस ‘एयर इंडिया’ और ‘इंडिगो’ ने भी खाड़ी देशों के लिए अपनी सेवाएं 2 मार्च की रात तक के लिए स्थगित कर दी हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों को सख्त सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का करंट स्टेटस जरूर चेक कर लें और संबंधित एयरलाइन के संपर्क में रहें।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

8 + 1 =
Powered by MathCaptcha