
फाइल फोटो
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने ऑनलाइन रिश्तों के खतरनाक अंजाम को लेकर सबको दहला दिया है. यहां इंस्टाग्राम पर पनपे इश्क का ऐसा खौफनाक अंत हुआ, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. महज 6 महीने पुराने प्यार में ब्रेकअप से गुस्साई एक प्रेमिका ने अपने बॉयफ्रेंड के घर में घुसकर उसके सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया. सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया.
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी लव स्टोरी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 22 साल की रोशनी और 25 वर्षीय कामता प्रसाद सूर्यवंशी की मुलाकात करीब छह महीने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी. चैटिंग और बातों का सिलसिला धीरे-धीरे प्यार में बदल गया और दोनों रिलेशनशिप में आ गए. लेकिन कुछ समय बाद ही कामता ने रोशनी से दूरी बनानी शुरू कर दी. उसने रोशनी से बात करना बंद कर दिया और उसे अपने फोन और सोशल मीडिया पर ब्लॉक भी कर दिया. यह बात रोशनी को नागवार गुजरी और उसे शक हो गया कि कामता ने किसी और लड़की के लिए उसे धोखा दिया है.
घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम
ब्रेकअप और ब्लॉक किए जाने से रोशनी गुस्से की आग में जल रही थी. मंगलवार सुबह वह पूरी तैयारी के साथ चाकू लेकर सीधे कामता प्रसाद के घर पहुंच गई. वहां दोनों के बीच पहले जमकर कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से से तमतमाई रोशनी ने अपने साथ लाए चाकू से कामता के सीने पर एक के बाद एक कई वार कर दिए. हमले में गंभीर रूप से घायल कामता वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा. परिवार वाले उसे फौरन अस्पताल लेकर भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
आरोपी प्रेमिका गिरफ्तार, VIP कनेक्शन आया सामने
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी युवती रोशनी को हत्या के आरोप में फौरन गिरफ्तार कर लिया. शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि वह कामता को मारने के इरादे से ही घर से चाकू लेकर निकली थी. पुलिस अब दोनों के मोबाइल कॉल डिटेल और सोशल मीडिया चैट्स को खंगाल रही है, ताकि हत्या की असल वजह और पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके. यह भी जानकारी सामने आई है कि मृतक कामता प्रसाद सूर्यवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी का भांजा था.















