गाजियाबाद : रिटायर दारोगा के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, जानिए किस बात को लेकर हुआ था विवाद


उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (Ghaziabad) जनपद में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के रिटायर दरोगा (Retired Sub Inspector) के बेटे की पीट-पीटकर हत्या (Son Murder) कर दी गई। हमलावरों ने बीच सड़क पर उसे बुरी तरह पीटा और फिर ईंट से सिर कुचल दिया। इस सनसनीखेज घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वरुण सड़क पर पड़ा हुआ है और दूसरा व्यक्ति उस पर ईंटों से हमला कर रहा है। ये वीडियो वहां से गुजर रहे एक कार सवार ने बनाया। जिसके बाद उसे वायरल कर दिया। 

परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

वीडियो के वायरल होने पर पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया। इसके साथ ही परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है जिसके हिसाब से पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह (SP City Gyanendra Singh) ने बताया कि टीला मोड़ थाना क्षेत्र में लोनी रोड पर मंगलवार रात करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली थी। पता चला कि ओप्स किचन के सामने दो पक्षों में विवाद हो गया। इसमें एक पक्ष के 35 वर्षीय वरुण को पीटा। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। 

एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं। मृतक वरुण गांव जावली का रहने वाला था। उसके पिता कुंवरपाल दिल्ली पुलिस से रिटायर दरोगा हैं। जानकारी के मुताबिक दोनों पक्षों की गाड़ियां होटल के बाहर आकर रुकी थीं। वरुण भी अपने दोस्तों संग होटल पर खाना खाने के लिए आया था। वहां पार्किंग को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और फिर मारपीट शुरू हो गई। घायल युवक को स्थानीय लोग पास के अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

खबरें और भी हैं...