
-पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने भारतीय विदेश नीति को सराहा
इस्लामाबाद (हि.स.)। विपक्ष के साथ अपनी पार्टी के भीतर भी विरोध का सामना कर रहे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के सुर बदले नजर आ रहे हैं। विपक्ष को कोसते-कोसते वे भारत की तारीफ करने लगे हैं। रविवार को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने भारतीय विदेश नीति की जमकर सराहना की।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान इस वक्त देश में चौतरफा चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उनके खिलाफ विपक्षी दल तो अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी कर ही रहे हैं, उनकी अपनी पार्टी के सांसदों के बीच भी विरोध के स्वर मुखर होने लगे हैं। ऐसे में रविवार को खैबर पख्तूनख्वा में एक सभा में इमरान ने भारत की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने पाकिस्तान के विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए हिंदुस्तान की विदेश नीति को लोगों के हित की नीति करार दिया।
इमरान ने भारत का जिक्र करते हुए कहा कि वे हिंदुस्तान को दाद देते हैं। हिंदुस्तान ने हमेशा स्वतंत्र विदेश नीति रखी है। आज हिंदुस्तान को दुनिया की बड़ी ताकतों का साथ मिला हुआ है। हिन्दुस्तान क्वाड के अंदर अमेरिका का सहयोगी है और अपने आपको हमेशा निरपेक्ष (न्यूट्रल) कहता है। वह प्रतिबंधों के बावजूद रूस से तेल मंगवा रहा है। ऐसा इसलिए संभव है क्योंकि हिंदुस्तान की नीति अपने लोगों की नीति है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने साफ कहा कि हिंदुस्तान इन नीतियों के साथ दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाए है। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने पाकिस्तान की विदेश नीति के लिए विपक्ष को जिम्मेदार करार दिया।












