जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने बाली पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, भव्य स्वागत

बाली, 14 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन और इससे इतर वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को बाली पहुंचे। जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। दो दिवसीय जी-20 शिखर सम्मेलन मंगलवार को शुरू हो रहा है। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक समेत दुनिया की 20 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों के नेता शामिल होंगे। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के आमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं।

PM being welcomed by the Indian community in Bali, Indonesia on November 14, 2022.

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को कहा कि वह बाली में जी20 समूह के नेताओं के साथ वैश्विक आर्थिक वृद्धि में नई जान फूंकने, खाद्य व ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसी चुनौतियों एवं स्वास्थ्य तथा डिजिटल परिवर्तन से जुड़े मुद्दों के समाधान पर व्यापक चर्चा करेंगे।

जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बाली रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने एक बयान में कहा कि वह वैश्विक चुनौतियों का सामूहिक समाधान करने में भारत की उपलब्धियों और इसकी मजबूत प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करेंगे।

शिखर सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन, ब्रिटिश प्रधानमंत्री सुनक और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी शामिल होने वाले हैं।

PM being welcomed by the Indian community in Bali, Indonesia on November 14, 2022.

पीएम मोदी ने कहा कि वह जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर इसमें भाग लेने वाले कई अन्य देशों के नेताओं से मिलेंगे और उनके साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की समीक्षा करेंगे।

जी-20 शिखर सम्मेलन के इतर मोदी की कई नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें होंगी लेकिन, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि मोदी और चिनफिंग के बीच अलग से बैठक होगी या नहीं।

मोदी और चिनफिंग की मुलाकात होने पर गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच सीमा संघर्ष के बाद से दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने की बातचीत होगी।

दरअसल, सितंबर में उज्बेकिस्तान के समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में दोनों की मुलाकात नहीं हुई थी। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि अच्छे संबंध बनाए रखना चीन और भारत और उनके लोगों के मौलिक हित में है।

PM being welcomed by the Indian community in Bali, Indonesia on November 14, 2022.

जी-20 वैश्विक आर्थिक सहयोग का एक प्रभावशाली संगठन है। यह वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का लगभग 85 प्रतिशत, वैश्विक व्यापार का 75 प्रतिशत से अधिक और विश्व की लगभग दो-तिहाई आबादी का प्रतिनिधित्व करता है। इंडोनेशिया जी-20 का वर्तमान अध्यक्ष है। भारत एक दिसंबर से औपचारिक रूप से जी-20 की अध्यक्षता संभालेगा।

खबरें और भी हैं...