निलंबित सीएमओ ने कार से लोगों को कुचला, एक की मौत

खरगोन (हि.स.)। जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र में खरगोन-खंडवा मार्ग पर गुरुवार दोपहर में निलंबित मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मोहन सिंह अलावा की बेकाबू कार ने कई लोगों को कुचल दिया। करीब 20 मिनट तक चले घटनाक्रम में रास्ते में जो मिला, कार उसे टक्कर मारती निकली। बाइक सवार को कार करीब 100 फीट तक घसीटती ले गई। हादसे में गांव कोंदला निवासी बाइक सवार रामलाल धनगर बुरी तरह घायल हो गया। उसे खरगोन से इंदौर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने कार को जब्त कर चालक निलंबित सीएमओ मोहन सिंह अलावा को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, अलावा गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे अपने घर मंडी रोड से निकले तथा अहिल्या मार्ग, झिरन्या रोड़, दर्जी मोहल्ला होते हुए कोर्ट के सामने से निकले। इस दौरान उनकी बेकाबू कार पांच बाइक को टक्कर मारती बस स्टैंड तक पहुंची, जहां कार ने होटल पर रखे पोहे, कचौड़ी, पान दुकान पर रखे फ्रिज और फल ठेले वाले मेहबूब हाजी को टक्कर मारी। इसके बाद कार खंडवा-बडौदा हाईवे पर तेज गति से निकली और पेट्रोल पंप के सामने बाइक सवार को टक्कर मारी। टंट्या मामा भवन के पास नगर परिषद कर्मचारी को टक्कर मारती हुई खरगोन नाके पर बाइक सवार धनगर को घसीटते हुए ले गई। दोनों टायर फटने के कारण कार रुकी।

पुलिस के अनुसार कार अलावा चला रहे थे। पुलिस ने कार को जब्त कर अलावा को गिरफ्तार किया और उनको मेडिकल के लिए अस्पताल ले गई, जहां नशे की पुष्टि नहीं हुई। गौरतलब है कि खरगोन में गत 14 नवंबर को हुए कार्यक्रम में मंच से मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान ने डामरीकरण में अनियमितता को लेकर खरगोन के सीएमओ मोहन सिंह अलावा को निलंबित किया था।

खबरें और भी हैं...