परीक्षा में धांधली का पर्दाफाश: बेवर में STF की बड़ी कार्रवाई, 6 गिरफ्तार…इस तरह खुली पोल

जनपद मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र स्थित महाराज सिंह इंटर कॉलेज जोत में सोमवार को बड़ी कार्रवाई सामने आई। एसटीएफ आगरा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारकर सामूहिक नकल और पेपर सॉल्विंग के संगठित रैकेट का खुलासा किया। कार्रवाई में छह पेपर सॉल्वर मौके से गिरफ्तार किए गए, जबकि छह अन्य फरार हो गए।

स्कूल के पिछले हिस्से में चल रहा था सामूहिक नकल का खेल

जानकारी के अनुसार एसटीएफ आगरा और जनपद पुलिस की संयुक्त टीम ने कॉलेज के पिछले हिस्से में चल रहे अवैध पेपर सॉल्विंग अड्डे पर दबिश दी। यह कार्रवाई सोमवार शाम की पाली में इंटरमीडिएट के गणित और जीवविज्ञान विषय की परीक्षा के दौरान की गई। छापेमारी के समय टीम को गणित की दो और जीवविज्ञान की एक कॉपी पड़ी मिली, जिससे पूरे खेल का पर्दाफाश हो गया।

मौके से हिरासत में लिए गए आरोपी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आशीष कुमार, अनुज कुमार, अंकित, शिवम चौहान, अवनीश कुमार और अरुण कुमार के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार पकड़े गए लोगों में केंद्र व्यवस्थापक का भाई भी शामिल है, जिसे पुलिस हिरासत में रखा गया है।

कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे मे मची खलबली

छापामार कार्रवाई की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई। मौके पर उपजिलाधिकारी भोगांव संध्या शर्मा, एसपी सिटी अरुण कुमार, सीओ भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी और डीआईओएस सतीश कुमार पहुंचे। देर रात तक बेवर थाना में पूछताछ और कागजी कार्रवाई चलती रही।

अधिकारियों की तैनाती के बाद भी हो रही थी नकल

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कॉलेज के परीक्षा व्यवस्थापक और प्रबंधक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। हैरानी की बात यह रही कि केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के बावजूद यह सुनियोजित गड़बड़ी चल रही थी। इस खुलासे के बाद पूरे जनपद में हड़कंप मच गया है और परीक्षा व्यवस्था की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

44 − 43 =
Powered by MathCaptcha