
-एसएसपी ने थाना पाकबाड़ा पुलिस को दिए कार्रवाई के आदेश
मुरादाबाद (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना पाकबाड़ा क्षेत्र स्थित इस्लामनगर निवासी महिला ने मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा को शिकायती पत्र देकर अपनी 15 वर्षीय बेटी के अपहरण की शिकायत की। मामले में देर रात एसएसपी ने थाना पाकबाड़ा पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
पीड़ित महिला का कहना है कि उसकी 15 वर्षीय बेटी रविवार दोपहर को घर से दुकान पर सामान लेने के लिए गई थी और वापस घर नहीं लौटी। उन्होंने घर के अन्य सदस्यों के साथ बेटी की तलाश में इधर-उधर पूछताछ की तो बेटी के स्कूल की एक सहपाठी ने बताया कि उनकी बेटी को दो युवक अपने साथ लेकर गए हैं।
पीड़िता का कहना है कि इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की मगर मामले में कोई कार्यवाही नहीं हुई। बेटी के गायब होने से परेशान माने मंगलवार दोपहर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा को शिकायती पत्र देकर बेटी के सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा ने थाना पाकबाड़ा पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए हैं।














