प्रयागराज में आज पौष पूर्णिमा से होगा माघ मेले का आगाज : रूट डायवर्जन की योजना लागू



प्रयागराज। विष्णुपदी मॉ गंगा, कृष्णपदी यमुना और सरस्वती के पावन संगमतट पर हर साल की भांति इस वर्ष भी माघ मेला के आयोजन की तैयारियां कमोवेश पूरी हो चुकी है। जिसका आगाज आज 6 जनवरी दिन शुक्रवार को माघ मेला के छः महत्वपूर्ण स्नानपर्वो में पहले स्थान पर शामिल पौष पूर्णिमा के साथ होगा। खास बात यह कि एक माह तक चलने वाले कल्पवास का शुभारंभ भी इसी के साथ होगा।


माघ मेला 2023 में कल्पवास, स्नान आदि कार्यो के लिए आने वाले श्रद्वालुओं के आवागमन को सरल बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। मेलावधि में पौष पूर्णिमा, मकर संक्रान्ति, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी, माघी पूर्णिमा तथा महाशिवरात्रि प्रमुख स्नान पर्व पर देश दुनिया से हजारों लाखों की संख्या में श्रद्वालु स्नानार्थी आते है। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को पटरी पर बनाए रखने के लिए नौ सौ पुलिस कर्मियों की तैनाती किये जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। डायवर्जन प्लान के तहत कानपुर, फतेहपुर से प्रयागराज होकर वाराणसी व बिहार तक जाने वाले वाहन फतेहपुर से मुड़कर रायबरेली, प्रतापगढ़, जौनपुर, चंदौली होते हुए बिहार तक जाएंगे। इसी तरह कौशाम्बी से प्रयागराज होकर वाराणसी जाने वाले वाहन कोखराज से डायवर्ट होकर हंडिया बाईपास से भेजे जाएंगे। कानपुर से प्रयागराज होकर बांदा जाने वाले वाहन फतेहपुर में चौडगरा चौराहा से बिन्दकी, ललौली चिल्ला होते हुए बांदा जाएंगे। कानपुर से प्रयागराज होते हुए मिर्जापुर जाने वाले वाहन फतेहपुर में चौडगरा चौराहा से बिन्दकी, ललौची चिल्ला होकर बांदा से अतर्रा, चित्रकूट से सतना या चित्रकूट से शंकरगढ-जसरा-नारीबारी-मनिगवां से हनुमना, लालगंज होकर मिर्जापुर जाएंगे। कानपुर से प्रयागराज होकर रीवां जाने वाले वाहन फतेहपुर में चौडगरा चौराहा से बिन्दकी, ललौली चिल्ला होकर बांदा से अतर्रा चित्रकुट से सतना-रीवां जाएंगे। इनका वापसी मार्ग भी यही होग। रीवां से प्रयागराज होकर वाराणसी जाने वाले वाहन मनिगवां से हनुमना होते हुए मिर्जापुर-वाराणसी जाएंगे और वापसी का मार्ग भी यही होगा। रीवां से प्रयागराज होकर लखनऊ जाने वाले वाहन रीवां से सतना, चित्रकूट या नारीबारी से बाएं मुड़कर शंकरगढ़, मऊ, कर्वी, बांदा से चिल्ला पुल पार कर बिंदकी, फतेहपुर, रायबरेली से लखनऊ जाएंगे और वापसी भी इसी मार्ग से करेंगे। रायबरेली से प्रयागराज होकर वाराणसी जाने वाले वाहन रायबरेली से लालगंज, भोपियामऊ, जौनपुर होते हुए वाराणसी की ओर जाएंगे और वापसी भी इसी मार्ग से करेंगे। प्रतापगढ से प्रयागराज होकर जाने वाले भारी कामर्शियल वाहन भोपियामऊ चौराहा से जनपद प्रतापगढ़ की ओर डायवर्ट होंगे।

खबरें और भी हैं...