
बैतूल (हि.स.)। जिले के मांडवी गांव में गत दिनों जिस बोरवेल में गिरने से आठ साल के तन्मय की मौत हो गई थी, उस खेत के मालिक नानकराम चौहान को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, तन्मय की मौत होने के बाद आठनेर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान व मर्ग जांच के बाद खेत मालिक नानकराम पुत्र दमडया चौहान के विरूद्ध धारा 304 का अपराध कायम किया था। आरोपित को मंगलवार गिरफ्तार कर लिया गया। गिफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजने के आदेश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि मांडवी गांव में आठ साल का तन्मय साहू छह दिसंबर को खेलते वक्त मांडवी जूनावानी रोड पर स्थित नानकराम चौहान के खेत में स्थित पुराने खुले बोरवेल में गिर गया था और 84 घंटे तक उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन इसके बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका था।














