भाजपा की राज्य समिति में बड़ी फेरबदल, मिथुन चक्रवर्ती को मिली जगह-जानें क्या है प्लान

कोलकाता । भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई की समिति में बड़ी फेरबदल हुई है। सोमवार को जारी सूची के मुताबिक इसमें मिथुन चक्रवर्ती को जगह मिली है, जिससे स्पष्ट हो चला है कि वह प्रत्यक्ष राजनीति में और अधिक सक्रिय होने जा रहे हैं। दुर्गा पूजा से पहले राज्य का दौरा कर चुके मिथुन चक्रवर्ती को राज्य समिति में जगह देने के साथ ही वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष को भी जगह मिली है। 24 शीर्ष नेताओं को लेकर कोर कमेटी तैयार की गई है।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के हस्ताक्षर के साथ तैयार हुई इस नई कोर कमेटी की खासियत यह है कि राज्य में आज से पहले इतनी बड़ी कोर कमेटी कभी नहीं बनाई गई थी। इसमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा, केंद्रीय मंत्री निशिथ प्रमाणिक, शांतनु ठाकुर और जॉन बार्ला को भी जगह मिली है। सुभाष सरकार जो पहले की कोर कमेटी में भी थे, इस बार भी इसमें सदस्य हैं, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री देवश्री चौधरी को भी इसमें शामिल किया गया है। कमेटी में शीर्ष पर सुकांत मजूमदार और दूसरे नंबर पर शुभेंदु अधिकारी का नाम है। दिलीप घोष का नाम तीसरे नंबर पर है। उसके बाद स्वपन दासगुप्ता, अनिर्माण गांगुली को जगह मिली है। राज्य विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक मनोज टिग्गा भी कोर कमेटी के सदस्य हैं। दो विधायक अग्निमित्र पॉल और दीपक बर्मन को भी इस में जगह दी गई है। दोनों ही प्रदेश भाजपा के महासचिव हैं।

इसके अलावा राज्य सचिव और सांसद लॉकेट चटर्जी, ज्योतिर्मय सिंह महतो और जगन्नाथ चटर्जी को भी कोर कमेटी में जगह मिली है। राज्य के सांगठनिक महासचिव अमिताभ चक्रवर्ती और बंगाल प्रभारी सतीश ढोंढ भी कोर कमेटी के सदस्य हैं। 24 लोगों की इस कोर कमेटी में 20 असामान्य सदस्य और चार विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। विशेष आमंत्रित सदस्यों में केंद्रीय महासचिव सुनील बंसल, केंद्रीय पर्यवेक्षक मंगल पांडे और दो सह प्रभारी अमित मालवीय और आशा लाकड़ा शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...