
भोपाल (हि.स.)। राजधानी में आईसीआईसीआई बैंक के रिकवरी मैनेजर के कथित अपहरण की वारदात सामने आई है। अपहर्ताओं ने मैनेजर की मां को फोन कर एक करोड़ की फिरौती मांगी। रकम नहीं मिलने पर मैनेजर पर जानलेवा हमला किया। उसे मरा समझकर रातीबड़ के जंगल में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने शुक्रवार रात तक इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक कटारा हिल्स निवासी 33 वर्षीय राहुल राय एमपी नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक में रिकवरी मैनेजर हैं। शुक्रवार सुबह 10 बजे वे बैंक पहुंचे और करीब 10:20 बजे वे बैंक से निकल गए। दोपहर में उनकी मां के पास राहुल के मोबाइल से कॉल आया और एक करोड़ की फिरौती मांगी गई। राहुल की मां ने एमपी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसी बीच डायल 100 पर एक व्यक्ति के रातीबड़ के जंगल में घायल पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने उसे उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया। वह राहुल ही निकला।
इस संबंध में डीसीपी साई कृष्णा थोटा का कहना है कि इस मामले में शुक्रवार रात तक दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिरौती मांगे जाने की भी जांच कर रहे हैं।













