
-मुख्यमंत्री शिवराज ने हादसे पर जताया दुख
दतिया (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम निरावल बिडनियां में मंगलवार शाम को गणेश विसर्जन के दौरान चार बच्चों की गड्ढे में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन लड़कियां और एक लड़का शामिल है, जिनकी उम्र 15 से 16 साल की है। वहीं, तीन बच्चों को बचा लिया गया है। हालांकि, तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
दतिया के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि गांव बिडनियां के बच्चे मंगलवार शाम को घर में विराजमान भगवान गणेश की मूर्ति को विसर्जित करने के लिए सिद्धबाबा मंदिर के पास बने पानी भरे गहरे गड्ढे पर ले गए, जहां विसर्जन के दौरान बच्चों ने गड्ढे में उतरने का प्रयास किया। इस दौरान सात बच्चे पानी गहरा होने के कारण उसमें डूबने लगे। पास ही मंदिर में उस समय पूजा कर रहे प्रेमनारायण कुशवाह नाम के ग्रामीण ने बच्चों को डूबते हुए देखा और मौके पर पहुंचकर किसी तरह तीन बच्चों को बचा लिया। जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अन्य बच्चों को भी गड्ढे से बाहर निकाला। ग्रामीण बच्चों के लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन बच्चों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें दो की गंभीर हालत होने के कारण उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है, जबकि एक बच्ची का दतिया जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी मिलने पर हादसे की जानकारी मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। दतिया के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा और अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक शर्मा ने बताया कि मृत बच्चों की पहचान अंश पाल पुत्र ब्रजमोहन, प्रतिज्ञा पाल पुत्री जाहर सिंह, कृष्णा पाल पुत्री रामहजूर पाल, आस्था पुत्री श्रीराम के रूप में हुई है। वहीं, सपना पुत्री जाहर सिंह, ध्रुव और आशिक पाल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। इधर, दतिया कलेक्टर संदीप माकिन ने मृतकों के स्वजन को चार-चार लाख की मदद दिए जाने के संबंध एडीएम रुपेश उपाध्याय को निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देर रात ट्वीट के माध्यम से कहा कि दतिया जिले के ग्राम बिडनिया में गणेश विर्सजन के दौरान हुआ हादसा हृदय विदारक है। इस दुःखद दुर्घटना में मृत मासूमों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। मेरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति देने व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।
मुरैना में चार बच्चे बहे, 11 साल के एक बच्चे की मौत
वहीं, मुरैना जिले के रामपुरकलां क्षेत्र के सालई गांव में निवासी विनोद कुशवाह मंगलवार को दोपहर में अपनी पत्नी और चार बच्चों को लेकर खेत पर बाजरा काटने गया था। इस दौरान उनका 11 साल का बेटा सचिन कुशवाह खेत के पास क्वारी नदी में नहाने के लिए चला गया। वह डूबने लगा तो तीन बड़ी बहनों ने बचाने का प्रयास किया, इसी प्रयास में वे भी नदी में डूबने लगी। विनोद ने तीन बेटियों को तो बाहर निकाल लिया। लेकिन बेटा सचिन पानी में ही बह गया। कुछ देर बाद उसका शव नदी में मिला।














