मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर सतर्क रहने की जरूरत: सीतारमण

मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर सतर्क रहने की जरूरत: सीतारमण

-सीबीआईसी ने सीमा शुल्क अधिनियम के 60 साल पूरे होने का मनाया जश्न

नई दिल्ली (हि.स)। केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने, समय पर अभियोजन सुनिश्चित करने तथा सतर्क रहने की सलाह सीमा शुल्क अधिकारियों को दी। सीतारमण ने मंगलवार को सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के 60 साल पूरे होने के मौके पर यहां आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।

वित्त मंत्री ने केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर सोने की तस्करी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाती है, तो मादक पदार्थ पीढ़ियों को प्रभावित करता है। हमें मादक पदार्थों की जब्ती और समयबद्ध अभियोजन को लेकर काफी सतर्क रहने की जरूरत है। हमें हर मामले को अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचाने की जरूरत है। सीतारमण ने सीबीआईसी अधिकारियों से नियमों को प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन को लेकर अगले 25 साल की योजना तैयार करने को भी कहा। उन्होंने ऐसे विचार भी देने को कहा, जिनका दुनिया अनुकरण कर सके। उन्होंने सीबीआईसी से प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल पर भी जोर दिया। वित्त मंत्री ने कहा कि सीमा शुल्क विभाग को डार्क नेट, कृत्रिम मेधा, वेब3 और मेटावर्स जैसे प्रौद्योगिकी को उपयोग करने की जरूरत है।

सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के 60 साल पूरे होने के मौके पर योजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बतौर मुख्य अतिथि और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी सम्मानित अतिथि थे। इस अवसर पर सीबीआईसी के अध्यक्ष, अप्रत्यक्ष और प्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड के सदस्य और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...