लखनऊ: हँसते-मुस्कुराते पार्क पहुंचे दो दोस्त, चंद मिनटों के विवाद में ‘पटरे’ से वार कर ली जान, सीसीटीवी ने खोला राज

लखनऊ। राजधानी के बाजार खाला थाना क्षेत्र में दोस्ती के कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ तिलक नगर स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क में मामूली विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही दोस्त के सिर पर लकड़ी के पटरे से प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

साथ बैठकर खाया खाना, फिर बन गए जान के प्यासे

जानकारी के मुताबिक, ऐशबाग के मोतीझील संजय नगर निवासी विजय गौतम (40) पेशे से मजदूर था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह काम पर जाने के लिए निकला था। रास्ते में उसे पड़ोस में रहने वाला दोस्त पिंटू मिला। दोनों हंसी-मजाक करते हुए महाराजा अग्रसेन पार्क पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दोनों ने पार्क में एक टेबल पर बैठकर साथ में खाना खाया। लेकिन कुछ ही देर बाद उनके बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई।

लकड़ी के पटरे से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

विवाद इतना बढ़ा कि पिंटू ने पास में पड़ा लकड़ी का एक भारी पटरा उठाया और विजय के सिर पर कई वार कर दिए। चोट इतनी गंभीर थी कि विजय की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिंटू खून से सना पटरा हाथ में लेकर वहां से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब पार्क के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो पूरी घटना साफ हो गई। वीडियो में दोनों दोस्त साथ अंदर जाते दिखे, लेकिन कुछ देर बाद पिंटू अकेला बाहर निकलता नजर आया।

पुलिस ने आरोपी को दबोचा, जांच जारी

डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिंटू को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि आखिर किस बात पर दोनों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि उसने अपने ही दोस्त की जान ले ली। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha