वीवीआईपी सुरक्षा में भारी चूक: गुजरात में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव, कोच में सवार थीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल; एक संदिग्ध हिरासत में

मुंबई से अहमदाबाद जा रही देश की प्रीमियम सेमी-हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस (22961) एक बार फिर असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ गई। सूरत के पास अज्ञात उपद्रवियों ने ट्रेन पर अचानक पथराव कर दिया। घटना के समय ट्रेन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और दादरा नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल भी सवार थे। हालांकि, दोनों वीवीआईपी नेता एग्जीक्यूटिव कोच में होने के कारण पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी यात्री को चोट नहीं आई है।

सूरत के पास घटी घटना, आरपीएफ ने तुरंत एक्शन लेते हुए संदिग्ध को दबोचा घटना शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच की है। मुंबई से रवाना होकर जैसे ही वंदे भारत एक्सप्रेस सूरत स्टेशन पार करने के बाद उत्तराण और कोसाड के मध्य पहुंची, अचानक ट्रेन की बोगियों पर पत्थर गिरने लगे। अचानक हुए इस पथराव से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की भनक लगते ही जीआरपी एसपी (SP/GRP) को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही आईपीएफ/अंकलेश्वर तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके में घेराबंदी कर एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। फिलहाल रेलवे पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

ट्रेन में सफर के दौरान राज्यपाल ने अभिनेता अनंग देसाई से की खास बातचीत घटना से ठीक पहले वापी से अहमदाबाद के बीच यात्रा के दौरान एक अलग ही माहौल देखने को मिला था। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपनी यात्रा के दौरान प्रसिद्ध फिल्म और टीवी अभिनेता अनंग देसाई तथा अन्य सहयात्रियों से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने फिल्म जगत और विभिन्न सामाजिक विषयों पर सौहार्दपूर्ण संवाद किया। इस यात्रा में उनके साथ प्रशासक प्रफुल पटेल भी मौजूद रहे।

गुजरात और केंद्र शासित प्रदेश के दौरे पर हैं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इन दिनों गुजरात और केंद्र शासित प्रदेश दादरा व नगर हवेली तथा दमन और दीव के आधिकारिक दौरे पर हैं। अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने प्रशासक प्रफुल पटेल के साथ दमन एवं दीव में आयोजित ‘मॉनसून फेस्टिवल’ के तहत भव्य सांस्कृतिक परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

नमो मेडिकल अस्पताल और स्कूल का किया था निरीक्षण सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा राज्यपाल ने सिलवासा स्थित नमो मेडिकल हॉस्पिटल का दौरा कर आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं और न्यूमैटिक ट्यूब सिस्टम का अवलोकन किया। वहां उन्होंने मरीजों और मेडिकल छात्रों से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना। इसके बाद उन्होंने स्वामी विवेकानंद विद्यामंदिर स्कूल का भ्रमण कर वहां की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया था।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha