
श्रद्धा मर्डर केस की गुत्थी उलझते जा रही है। अब उसके दोस्त लक्ष्मण नडार ने नया खुलासा किया। उसके अनुसार, ‘उसकी और श्रद्धा की जुलाई में बातचीत हुई थी। तब उसने कहा था कि मुझे बचा लो, वरना आफताब मार डालेगा। मैंने यह बात उसके घरवालों को भी बताई थी। दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।’
इसके बाद सबसे बड़ा सवाल ये खड़ा हो गया है कि आखिर श्रद्धा का मर्डर कब हुआ? दरअसल, पुलिस ने सोमवार को मई में श्रद्धा के मर्डर होने का दावा किया है। जबकि लक्ष्मण के मुताबिक, जुलाई में उसकी श्रद्धा से बातचीत हुई थी।

पहले पढ़िए पुलिस का दावा
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को दावा किया था कि आफताब ने 18 मई यानी करीब 6 महीने पहले लिव इन पार्टनर आफताब अमीन पूनावाला ने अपनी 26 साल की प्रेमिका श्रद्धा विकास वॉकर की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने आरी से श्रद्धा के 35 टुकड़े किए।
हत्या के बाद 300 लीटर का फ्रिज खरीदा, ताकि टुकड़े उसमें रख सके। अगरबत्ती जलाता था, ताकि बदबू को दबाया जा सके। 18 दिन तक रोज रात 2 बजे उठता और शव के कुछ टुकड़े जंगल में फेंक आता था। पुलिस ने आफताब को शनिवार को अरेस्ट कर लिया।
अब लक्ष्मण नडार का पूरा बयान पढ़ें…
लक्ष्मण ने सोमवार को एक न्यूज़ चैनल से बातचीत में बताया कि श्रद्धा और आफताब के बीच हमेशा झगड़े हुआ करते थे। जुलाई में श्रद्धा ने वॉट्सऐप के जरिए उससे कॉन्टैक्ट भी किया था। तब श्रद्धा काफी डरी हुई थी। उसने कहा कि अगर वह उस रात उसके (आफताब) के साथ रही तो वह उसे मार डालेगा।
लक्ष्मण नडार ने आगे कहा कि कुछ दोस्तों के साथ मिलकर उसने छतरपुर के घर से श्रद्धा को रेस्क्यू किया था। तब उन लोगों ने आफताब को चेतावनी दी थी कि वे उसकी शिकायत पुलिस में कर देंगे। लेकिन फिर आफताब के लिए श्रद्धा की कमिटमेंट देखकर उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं की। वे फिर साथ-साथ रहने लगे।
नडार ने बताया कि सितंबर में यानी घटना के दो महीने बीतने के बाद जब श्रद्धा ने उससे कॉन्टैक्ट नहीं किया, तो उसे चिंता होने लगी। नडार ने कहा- श्रद्धा को मैंने कई मैसेज और कॉल किए लेकिन उसने जवाब नहीं दिया। इससे मुझे उसकी टेंशन होने लगी। इस वजह से मैंने कॉमन फ्रेंड्स और बाकी लोगों से श्रद्धा के बारे में पूछना शुरू किया।
जब मुझे कहीं से भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली, तो आखिर में मैंने उसके भाई श्रीजय को बताया कि श्रद्धा ने कई महीनों से बातचीत नहीं की है और हमें पुलिस को सूचना देनी चाहिए। यह जानकारी मिलने के बाद श्रद्धा के पिता विकास मदन वॉकर ने मुंबई पुलिस के पास शिकायत लिखवाई।
पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा और आफताब का रिश्ता कुछ महीने पहले तब खराब हो गया था, जब श्रद्धा ने उससे शादी के लिए कहा और उसने मना कर दिया। इसके बाद आफताब ने उसे मार डाला।
श्रद्धा आफताब के साथ रहने के लिए मुंबई से दिल्ली शिफ्ट हुई थी
26 साल की श्रद्धा मुंबई के मलाड की रहने वाली थी। यहां वह एक मल्टीनेशनल कंपनी के कॉल सेंटर में काम करती थी। आफताब अमीन फूड ब्लॉगर है। इंस्टाग्राम पर उसका पर्सनल अकाउंट द हंगरी छोकरो (thehungrychokro) के नाम से है, जबकि उसका फूड ब्लॉग इंस्टाग्राम पर द हंगरी छोकरो_एस्कैपेड्स (thehungrychokro_escapades) नाम से है।
आफताब पर्सनल ब्लॉग पर उसने आखिरी फोटो 3 मार्च 2019 को पोस्ट किया था। अपने फूड ब्लॉग से उसने आखिरी फोटो 2 फरवरी को पोस्ट किया था।
आफताब ने कहा- तंग आकर हत्या की
पिता की शिकायत पर पुलिस ने आफताब को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया, ‘दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। वह शादी के लिए दबाव बना रही थी।’ उधर, आफताब के कई दूसरी लड़कियों से भी रिश्ते थे और श्रद्धा को उस पर शक हो रहा था। इस बात पर भी दोनों के बीच विवाद होता था। आफताब ने तंग आकर हत्या कर दी। अब पुलिस ने मर्डर का केस दर्ज कर श्रद्धा की बॉडी को सर्च करना शुरू कर दिया है।













