सर, क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं और कोई उपाय भी नहीं दिख रहा…

-तिहाड़ जेल में सरेंडर करने से पहले अधिकारियों के सामने रो पड़े राजपाल यादव

नई दिल्ली । बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर किया है। सरेंडर करने से पहले राजपाल ने तिहाड़ जेल के अधिकारियों से जो कहा उसने सबको हैरान कर दिया है। उनके बयान ने फिल्म इंडस्ट्री के रिश्तों पर सवाल खड़े कर दिए हैं और फैंस को इमोशनल कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अपने हालात पर बात करते हुए राजपाल रो पड़े और बोले- “सर, क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं और कोई उपाय भी नहीं दिख रहा…सर, यहां हम सब अकेले हैं। कोई दोस्त नहीं है। मुझे इस मुश्किल से अकेले ही निपटना होगा।”

यह मामला साल 2010 का है। राजपाल यादव ने अपनी डायरेक्टोरियल फिल्म ‘अता पता लापता’ को फाइनेंस करने के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से पांच करोड़ रुपए उधार लिए थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई और राजपाल को पैसे की तंगी हो गई। इतना ही नहीं, बैंक में पैसे न होने की वजह से उनका दिया हुआ चेक भी बाउंस हो गया। अप्रैल 2018 में, एक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत दोषी ठहराया और उन्हें छह महीने जेल की सजा सुनाई। राजपाल ने इस फैसले को चुनौती दी और कई अपील के जरिए राहत मांगी। उन्हें राहत तो मिल गई, लेकिन इस दौरान उनकी बकाया रकम बढ़कर करीब 9 करोड़ हो गई। समय के साथ, एक्टर ने बकाया रकम का कुछ हिस्सा चुका दिया।

हालांकि, बार-बार देरी और कोर्ट की तय डेडलाइन को पूरा न कर पाने की वजह से कोर्ट ने उनके इरादों पर सवाल उठाए। राजपाल के राहत मांगने पर कोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति की पब्लिक प्रोफाइल चाहे जो भी हो, बार-बार नरमी नहीं बढ़ाई जा सकती। फिर कोर्ट ने राजपाल को बिना किसी और देरी के सरेंडर करने का निर्देश दिया और कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

6 + 2 =
Powered by MathCaptcha