
कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड और कोवैक्सिन बनाने वाली कंपनियों ने शनिवार को इनकी कीमत घटाने की घोषणा की। अब निजी अस्पतालों में इन दोनों ही वैक्सीन की एक डोज 225 रुपए में लगेगी। इससे पहले निजी अस्पतालों में कोवीशील्ड की एक डोज 600 रुपए और कोवैक्सिन की 1200 रुपए में मिल रही थी।
कीमतों में कमी की घोषणा सभी व्यस्क नागरिकों को प्रिकॉशन डोज लगाए जाने का फैसला होने के बाद की गई है। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि 18+ उम्र वाले सभी नागरिकों को निजी अस्पतालों में कोरोना वैक्सीन की तीसरी डोज लगाई जाएगी। शुक्रवार को कोवीशील्ड बनाने वाली कंपनी सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर अदार पूनावाला ने सरकार के इस कदम की तारीफ की और एक ट्वीट में वैक्सीन की कीमत कम करने की घोषणा कर दी।
पूनावाला ने कहा कि उनकी कंपनी निजी अस्पतालों में एक डोज के लिए 600 रुपए के बजाय 225 रुपए लेगी। उधर, कोवैक्सिन बनाने वाली कंपनी भारत बायोटेक की जॉइंट एमडी सुचित्रा एल्ला ने भी वैक्सीन की कीमत 1200 रुपए से घटाकर 225 रुपए करने की घोषणा एक ट्वीट में की है।












