नई दिल्ली, डिजिटल डेस्क। पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर और कोच संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ और खेल, दोनों को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं। जेंडर ट्रांसफॉर्मेशन (लिंग परिवर्तन) के बाद अनाया अब अपनी अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण सर्जरी ‘वैजिनोप्लास्टी’ कराने की तैयारी में हैं। लेकिन इस बड़े मेडिकल प्रोसीजर से ठीक पहले उन्होंने क्रिकेट के मैदान पर अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से तहलका मचा दिया है। सोशल मीडिया पर उनके प्रैक्टिस सेशन के वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं।
मैदान पर दिखी वही पुरानी धार, चौके-छक्कों की बरसात
अनाया बांगर ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अपने क्रिकेट अभ्यास के कुछ वीडियो साझा किए हैं। एक वीडियो में वह नेट पर अपनी तेजतर्रार गेंदबाजी से बल्लेबाजों को छकाती नजर आ रही हैं। वॉर्म-अप और स्ट्रेचिंग के बाद उनकी गेंदबाजी की लय ने प्रशंसकों को हैरान कर दिया है। वहीं, एक अन्य वीडियो में अनाया पैड्स पहनकर मैदान पर उतरती हैं और फिर शुरू होता है चौकों-छक्कों का सिलसिला। उनकी टाइमिंग और आक्रामक शॉट चयन देखकर क्रिकेट प्रेमी उनके टैलेंट की दाद दे रहे हैं।
View this post on Instagram
14 मार्च को बैंकॉक में होगी सर्जरी, खत्म होगा 5 साल का इंतजार
अनाया ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट के जरिए खुलासा किया कि वह अगले महीने यानी 14 मार्च को बैंकॉक में ‘स्किन ग्राफ्ट वैजिनोप्लास्टी’ कराने जा रही हैं। डॉ. चेट्टावुत की देखरेख में होने वाली इस सर्जरी के बाद उनका पांच साल लंबा इंतजार खत्म हो जाएगा और वह पूरी तरह से महिला के रूप में अपनी पहचान पा सकेंगी। अनाया ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया से रिकवर होने में उन्हें लगभग एक साल का समय लग सकता है।
‘जल्दबाजी नहीं, सोच-समझकर लिया फैसला’
अपने इस सफर के बारे में बात करते हुए अनाया ने कहा, “यह कोई जल्दबाजी में लिया गया फैसला नहीं है। पिछले कई सालों से मैं साइकोलॉजिकल इवैल्यूएशन, थेरेपी, हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (HRT) और दो जेंडर-अफर्मिंग प्रोसीजर से गुजरी हूं। यह सब कुछ मेडिकल प्रोफेशनल्स की देखरेख में हुआ है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस कठिन सफर में उन्हें अपने परिवार, खासकर पिता संजय बांगर का पूरा समर्थन मिल रहा है। अनाया ने वादा किया है कि वह अपनी रिकवरी के इस सफर को ईमानदारी से डॉक्यूमेंट करेंगी।
आर्यन से अनाया तक का सफर: जायसवाल-सरफराज के साथ खेल चुके हैं क्रिकेट
बता दें कि जेंडर बदलने से पहले अनाया की पहचान ‘आर्यन बांगर’ के रूप में थी। आर्यन एक बेहतरीन लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर थे और उन्होंने जूनियर लेवल पर यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान जैसे स्टार क्रिकेटरों के साथ मैदान साझा किया है। हालांकि, अपनी आंतरिक पहचान को स्वीकार करते हुए उन्होंने अपना नाम और जेंडर बदलने का साहसी फैसला लिया। आज वह न केवल अपनी व्यक्तिगत पहचान के लिए लड़ रही हैं, बल्कि खेल के प्रति अपने जुनून को भी जिंदा रखे हुए हैं।
View this post on Instagram
View this post on Instagram












