
सोशल मीडिया पर इंडिया.. इंडिया… की गूंज है। 19 जनवरी 2021 की तारीख क्रिकेट के इतिहास में दर्ज हो चुकी है। गाबा स्टेडियम में खेले गए चौथे टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को तीन विकेट से हराकर बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफी अपने नाम की। जश्न के दौरान जब भारतीय खिलाड़ियों ने ब्रिसबेन में तिरंगा लहराया तो वह दृश्य देखकर हर भारतीय सीना गर्व से चौड़ा हो गया! सोशल मीडिया पर भी सेलिब्रेशन का माहौल है। ट्विटर पर #AUSvIND ट्रेंड कर रहा है, जिसके साथ लोग इस यादगार जीत के शानदार लम्हों को शेयर कर रहे हैं।
भारतीय पारी के हीरो रहे ऋषभ पंत, जिन्होंने ना सिर्फ आखिर तक मोर्चा संभाले रखा बल्कि चौका लगाकर टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत भी दिलाई। पंत 89 रन बनाकर नाबाद रहे। शुभमन गिल ने 91 और चेतेश्वर पुजारा ने 56 रन बनाए। इनकी जिम्मेदारीपूर्ण पारी के कारण भारत ब्रिसबेन के चौथे टेस्ट में मेजबान ऑस्ट्रेलिया को हराने में कामयाब रहा।













