
यदि आप आने वाले दिनों में नया स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपका बजट बिगड़ सकता है। मेमोरी और चिपसेट जैसे जरूरी पार्ट्स की बढ़ती लागत के कारण स्मार्टफोन कंपनियों के मार्जिन पर भारी दबाव पड़ रहा है। इसका सीधा असर अब मोबाइल फोन की खुदरा कीमतों पर दिखना शुरू हो गया है। रियलमी, ओप्पो, वीवो, सैमसंग और वनप्लस जैसी दिग्गज कंपनियों ने अपने चुनिंदा मॉडल्स के दाम बढ़ा दिए हैं।
रियलमी से सैमसंग तक: जानें किस ब्रांड ने कितनी बढ़ाई कीमत
हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 18 अगस्त से टेक ब्रांड्स ने अपनी डिवाइसों के दामों में संशोधन किया है।
-
Realme: कंपनी ने अपने कई स्मार्टफोन मॉडल्स की कीमतों में 1,000 रुपये से लेकर 4,000 रुपये तक का इजाफा किया है।
-
Oppo: ओप्पो ने अपनी लोकप्रिय Reno और A-सीरीज के स्मार्टफोन्स 5,000 रुपये तक महंगे कर दिए हैं।
-
Vivo: वीवो ने भी चुनिंदा क्षेत्रों और मॉडल्स में 500 से 4,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है।
-
Samsung: सैमसंग ने S-सीरीज, M-सीरीज और F-सीरीज के दाम बढ़ाए हैं। Galaxy S25 का एक वेरिएंट 12,000 रुपये तक महंगा हुआ है।
-
OnePlus: वनप्लस ने भी चुनिंदा मॉडल्स पर 2,000 से 4,000 रुपये तक कीमतें बढ़ाई हैं। कंपनी के अनुसार, यह बढ़ोतरी मेमोरी की बढ़ती लागत और ओवरऑल कॉस्ट प्रेशर का नतीजा है।
आने वाले महीनों में 7 से 10 फीसदी और महंगे हो सकते हैं फोन
रिसर्च फर्म्स ने स्मार्टफोन बाजार की इस स्थिति पर चिंता जताई है। IDC Asia Pacific की सीनियर रिसर्च मैनेजर उपासना जोशी के अनुसार, 2026 की दूसरी तिमाही तक मेमोरी की ऊंची कीमतों के कारण फोन की औसत लागत पहले ही 15 फीसदी बढ़ चुकी थी। उनका अनुमान है कि यदि कंपोनेंट्स के दाम इसी तरह बढ़ते रहे, तो आने वाले महीनों में कीमतें 7 से 10 फीसदी तक और बढ़ सकती हैं। इसका सबसे ज्यादा असर बजट और मिड-रेंज सेगमेंट के ग्राहकों पर पड़ेगा।
कमजोर मांग और ऑफर्स का इंतजार कर रहे ग्राहक
काउंटरपॉइंट रिसर्च (Counterpoint Research) के अनुसार, अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच स्मार्टफोन की बिक्री पिछले साल के मुकाबले काफी सुस्त रही है। हालांकि प्राइम डे और फ्लिपकार्ट सेल के दौरान थोड़ी बिक्री बढ़ी, लेकिन प्रमोशनल ऑफर खत्म होते ही बाजार फिर मंदा हो गया। वरिष्ठ विश्लेषक प्राचीर सिंह का कहना है कि औसतन 3,200 रुपये की बढ़ोतरी के कारण ग्राहक अब ज्यादा प्राइस-कॉन्शियस हो गए हैं और किसी बड़े डिस्काउंट का इंतजार कर रहे हैं।
फेस्टिव सीजन में मिल सकती है थोड़ी राहत
त्योहारी सीजन में स्मार्टफोन कंपनियां और ग्राहक दोनों राहत की उम्मीद कर रहे हैं। एनालिस्ट्स का मानना है कि फेस्टिव सेल के दौरान ब्रांड्स बैंक डिस्काउंट, नो-कॉस्ट EMI, एक्सचेंज बोनस और प्रमोशनल स्कीम्स के जरिए मांग को रफ्तार देने की कोशिश करेंगे। इससे उन ग्राहकों को फायदा हो सकता है जो लंबे समय से नया फोन खरीदने का इंतजार कर रहे हैं।
2026 में भारतीय स्मार्टफोन बाजार में गिरावट की आशंका
कंपोनेंट्स की महंगी लागत और सुस्त मांग के चलते साल 2026 भारतीय स्मार्टफोन बाजार के लिए चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। रिसर्च डायरेक्टर तरुण पाठक के मुताबिक, पूरे 2026 में भारतीय स्मार्टफोन मार्केट में साल-दर-साल करीब 13 फीसदी की गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, साल की दूसरी छमाही और फेस्टिव सीजन के दौरान अपग्रेड डिमांड से बाजार को कुछ सहारा मिलने की उम्मीद है।














