
– योगी सरकार की बाबूजी कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना के अंतर्गत दूधिया रौशनी से रौशन होंगे गांव
– यूपी नेडा ने योजना के अंतर्गत आगरा जनपद में 20 ग्राम पंचायतों का किया चयन
– प्रदेश में ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों का उपयोग बढ़ाने के लिए संकल्पित है योगी सरकार
भास्कर समाचार सेवा
आगरा। उत्तर प्रदेश में ऊर्जा के पारंपरिक स्रोतों पर निर्भरता कम करने व प्राकृतिक स्रोतों को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार संकल्पित है। इसी दिशा में ताजनगरी के करीब दो दर्जन गांव सौर ऊर्जा से रोशन होंगे। प्रदेश सरकार की बाबू कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना के तहत जिले के 20 ग्राम पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। यूपी नेडा द्वारा इन गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट की लागत का वहन किया जाएगा। इससे गांव के लोगों को रात में आवागमन में सहूलियत रहेगी। वहीं स्ट्रीट लाइट से ग्राम पंचायतों पर पड़ने वाला बिजली का बोझ भी हल्का होगा।
लगेंगी 200 लाइटें
यूपी नेडा के परियोजना अधिकारी प्रवीण नाथ पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बाबूजी कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना के तहत आगरा जिले के चयनित गांव की गलियां व चौक समेत विभिन्न स्थानों पर कुल 200 लाइटें लगेंगी। इस पर कुल 42,21,800 रुपये खर्च किए जाएंगे। एत्मादपुर, आगरा ग्रामीण, बाह व खेरागढ़ में तीन-तीन जबकि फतेहपुर सीकरी व फतेहाबाद में चार-चार गांव चयनित किए गए हैं। ये लाइट सूर्यास्त के बाद स्वत: जलेंगी व सूर्योदय के पहले स्वतः बंद हो जाएंगी। लगभग 12 फीट ऊंचाई पर स्ट्रीट लाइटें लगेंगी। वहीं पांच साल तक इन लाइटों की देखरेख के लिए आपूर्तिकर्ता कंपनी की जिम्मेदारी रहेगी।
जनप्रतिनिधियों ने चुने गांव
इस योजना के पहले चरण में जन प्रतिनिधियों द्वारा इन गांवों का चयन किया गया है। जनपद आगरा में चयन प्रक्रिया पूरा करते हुए शासन ने इन 20 गावों की सूची जारी कर दी है। चयनित ग्राम पंचायतों में एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र के बरहन ग्राम पंचायत के नगला धीर, ग्राम पंचायत सड़िहा, ग्राम पंचायत मलूपुर, आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बिचपुरी ब्लॉक ग्राम पंचायत सुनारी, बरौली अहीर ब्लॉक की ग्राम पंचायत ककरारी के नगला सीरिया, अकोला ब्लॉक की ग्राम पंचायत रामनगर, बाह विधानसभा क्षेत्र के पिनाहट ब्लॉक की ग्राम पंचायत बरेण्डा के ग्राम ताल का पुरा, बाह ब्लॉक की ग्राम पंचायत तरासो, जैतपुर कलां ब्लॉक की ग्राम पंचायत कमतरी के ग्राम चौबे का पुरा, खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के सैयां ब्लॉक की ग्राम पंचायत जाजऊ के ग्राम जोधापुरा, जगनेर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बरिगवां खुर्द के ग्राम नगला भुम्मा, खेरागढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत लखनपुर, फतेहपुर सीकरी के अछनेरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत साधन, अछनेरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत नगला टोडू, अकोला ब्लॉक की ग्राम पंचायत कराहरा. फतेहपुर सीकरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत सामरा, फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के फतेहाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत मेवली खुर्द, फतेहाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत स्वारा, शमशाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत धनौला कलां, शमशाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत चित्तोरा शामिल हैं।
वर्क आर्डर भी जारी
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों के चयन के बाद यह सूची यूपीनेडा को उपलब्ध हो चुकी है। विभाग द्वारा अनुबंधित फर्म को वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है। जल्द ही स्ट्रीट सोलर लाइट लगाने का काम शुरू हो जाएगा। इन चयनित ग्राम पंचायत में हर 30 घर पर एक सोलर स्ट्रीट लाइट का औसत मानक रखा गया है। जिससे वहां प्रकाश की समुचित व्यवस्था हो सके। हर ग्राम पंचायत में 10 लाइटें लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सोलर स्ट्रीट लाइट से सामुदायिक प्रकाश की आवश्यकता पूर्ति होगी। एलईडी आधारित सोलर स्ट्रीट लाइट लगभग 10 मीटर की परिधि तक प्रकाश फैलाएगा। सोलर स्ट्रीट लाइट से पारंपरिक बिजली की बचत के साथ ही कार्बन डाई ऑक्साइड के उत्सर्जन में कमी आएगी। इससे पर्यावरण और शुद्ध बनेगा।













