ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 3.0 के दौरान कानपुर के 38 उद्यमी सम्मानित

उद्यमियों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के भाषण का सीधा प्रसारण दिखाया गया

कानपुर। प्रदेश के ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 3.0 के दौरान शुक्रवार को कानपुर में संयुक्त आयुक्त उद्योग कार्यालय में 38 उद्यमियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि व भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी ने कहा कि आज प्रदेश में उद्यमियों के लिए मित्रता वाला माहौल है। उद्यमी भी ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का पूरा लाभ उठाएं। इस दौरान उद्यमियों को लखनऊ में हो रहे कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाषण का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के दौरान कानपुर में 49 उद्यमियों को सम्मानित किया जाना था। इसमें से 38 उद्यमी समारोह में पहुंचे। भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी और विधायक सुरेंद्र मैथानी ने उन्हें सम्मानित किया। भाजपा सांसद ने कहा कि पहले उद्योग विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से बेगारी ली जाती थी। उन्हें दूसरे विभागों के कार्यों में लगा दिया जाता था। आज इस विभाग के पास खुद ही बहुत अधिक कार्य हैं। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों से कहा कि इन उद्यमियों को कोई कठिनाई न होने पाए। उन्होंने कहा कि आज यहां 49 उद्यमी बुलाए गए हैं तो आगे यह संख्या 449 हो। उन्होंने कहा कि वह प्रयास कर रहे हैं कि कानपुर को विशेष आर्थिक जोन की सुविधा मिले। वहीं भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि पहले यह विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा हुआ करता था। आज भाजपा सरकार में इस विभाग में पूरी तरह स्वच्छता है।

संयुक्त आयुक्त उद्योग सर्वेश्वर शुक्ला ने कहा कि सरकार एक जिला, एक उत्पाद योजना को तेजी से बढ़ा रही है। अब किसी भी सरकारी कार्यक्रम में ओडीओपी में बने उपहार ही सम्मान के रूप में दिए जाते हैं। इससे उनके पास मांग बहुत बढ़ गई है। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डा. महेन्द्र कुमार, मनोज बंका, लाडली प्रसाद, शिव कुमार गुप्ता, मिक्की मनचंदा रहे।

  • सेरेमनी में गोल्डी निदेशकों ने मुख्यमंत्री से की भेंट

कानपुर। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित हो रही औद्योगिक परियोजनाओं की ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी के दौरान गोल्डी मसाले के निदेशक आकाश गोयनका एवं सुदीप गोयनका ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से भेंट की। बता दे, कि 2019 में आयोजित ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी में गोल्डी उद्योग समूह द्वारा निवेश किया। समूह ने अपनी नई उत्पादन इकाईयाँ स्थापित करके उत्पादन क्षमता में बढ़ोत्तरी के साथ कई नये उत्पाद भी बाजार में उतारे हैं जिनकी आपूर्ति देश व विदेशों मे भी की जा रही है।इस अवसर पर भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी आकाश व सुदीप गोयनका ने भेंट की।

खबरें और भी हैं...