53 लाख के सोने के साथ भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्कर गिरफ्तार

कोलकाता (हि.स.)। पश्चिम बंगाल से सटी भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की टीम ने उत्तर 24 परगना जिले की सीमा चौकी हकीमपुर के पास सोने के साथ एक तस्कर को धर दबोचा है। उसके पास से सोने के छह बिस्किट बरामद हुए हैं जिसका वजन 960 ग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 53 लाख 62 हजार 944 रुपये आंकी गई है।

बीएसएफ की ओर से गुरुवार देर शाम जारी बयान में बताया गया है कि तस्कर की पहचान पांचू गोपाल मंडल के तौर पर हुई है जो इसी जिले का निवासी है। पूछताछ के दौरान उसने बताया है कि उसे बांग्लादेश के सतखीरा निवासी शरीफुल सरदार ने यह सोना दिया था जिसे बड़ाबाजार के केके ज्वेलर्स को सौंपा जाना था। इसकी एवज में उसे दो हजार रुपये मिलने वाले थे। उसने इस सोने के बिस्कुट को इतनी सावधानी से छिपाया था कि इसे पकड़ने के लिए एचएचएमडी ( मेटल डिटेक्टर) डिवाइस की जरूरत पड़ी है। उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग तेतुलिया को सौंप दिया गया है।

खबरें और भी हैं...