
उन्नाव: अचलगंज व आसीवन थानाक्षेत्रों में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई मारपीट की घटनाओं में दोनों ओर से जमकर लाठी, डंडा व कुल्हाड़ी चलीं। इसमें तीन महिलाओं सहित 11 लोग चोटहिल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजते हुए दोनों ओर से मिली तहरीर के बाद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अचलगंज थानाक्षेत्र के सुदीनखेड़ा गांव के मजरे आटा बंथर में हुई मारपीट की घटना में प्रीती पत्नी सोनू ने जगदीश, विनय कुमार, दिनेश, अरविद, हर्षित व निशा के खिलाफ उसे व उसके स्वजन पर हमला बोलकर लाठी, डंडा व कुल्हाड़ी से मारपीट कर लहूलुहान करने का आरोप लगाया है। घटना में प्रीती, गीता, सोनू व पुत्ती लाल को गंभीर चोट आई हैं। आरोप लगाया कि वह अपने घर के दरवाजे बैठी थी तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उससे मारपीट कर दी। वहीं दूसरे पक्ष से जगदीश ने बुद्धिलाल, सोनू व सुनील सहित पांच के खिलाफ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने दोनों ओर से मिली घर में घुसकर मारपीट व बलवा करने सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्जकर सीएचसी लोहचा भेजा है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्ष पड़ोसी हैं। नशेबाजी के चलते कहासुनी होने की बात कही है। वहीं आसीवन थानाक्षेत्र के कनिगांव निवासी शिवदुलारे व शिवमूरत पुत्र शिवराज और दूसरे पक्ष के शिवम पुत्र राम आसरे में जमीन को लेकर हुए विवाद में मारपीट हो गई। जिससे तीनों गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार अभी तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।












