
*
*मामला कोतवाली क्षेत्र के अढंनपुर गांव का*
**
मुसाफिरखाना-अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के अढंनपुर गांव में रविवार की दोपहर लगभग 2 बजे आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी इंद्रावती व भाई को निर्दयता से हमलावरों ने गंभीर रूप से घायल कर लहूलुहान कर दिया जिसमें एक की हालत गंभीर है।
घटना रविवार की दोपहर 2 बजे की अढंनपुर निवासी मृतक सुरेंद्र पांडे उम्र 45 वर्ष पुत्र रामेश्वर घर के सामने अपनी अल्टो कार साफ कर रहे थे कि इसी बीच गांव के ही बाइक सवार युवक तेज रफ्तार में बाइक लेकर गुजर रहा था कि मृतक ने कहा कि धीमी गति से चलाओ यहां बच्चे हैं यह बात बाइक सवार युवक को नागवार गुजरी । घर पहुंच कर परिवार के अन्य सदस्यों को इकट्ठा कर थोड़ी देर बाद आधा दर्जन से अधिक लोग लाठी डंडा व तमंचा लहराते हुए मृतक के दरवाजे पर पहुंचकर कार साफ कर रहे युवक को लाठी-डंडों से लहूलुहान कर गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुन भाई पत्नी दौड़े ।
हमलावरों ने मृतक की पत्नी इंद्रावती व भाई सत्येंद्र पर टूट पड़े। मां को मारते पीटते देख असहाय मासूम बच्चे अमन व आदर्श सामने आ गए इन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया । हमलावर तांडव करते हुए भाग निकले। परिजनों व ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायलों को स्थानीय समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां सुरेंद्र ने दम तोड़ दिया। घटना से अढंनपुर गांव में दहशत व्याप्त है इस मामले में कोतवाली पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घायलों में सत्येंद्र की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने रेफर कर दिया ग्रामीणों के मुताबिक घटना की वजह सिर्फ टोका टाकी नहीं बल्कि पूर्व से चल रही जमीनी रंजिश भी कारण बनी। घटनास्थल पर उपजिलाधिकारी सुनील त्रिवेदी, सीओ मनोज यादव कोतवाल परशुराम ओझा सहित अन्य अधिकारियों ने पहुंच कर प्रकरण की जानकारी हासिल की ।
इस संबंध में सीओ मनोज यादव ने बताया पीड़ित की तहरीर पर हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है। वही कोतवाल परशुराम ओझा ने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वाले लोगों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हत्यारोपी शीघ्र सलाखों के पीछे होंगे।












