
-ईंट-भट्ठे से लौटते वक्त रास्ते में मारी गई थी गोली, -मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गोरखपुर। गगहा थाना क्षेत्र के डेमुसा के पास सोमवार की देर शाम करीब सात बजे ईंट-भट्ठा मालिक की बदमाशों ने ताबड़तोड़ आधा दर्जन गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के वक्त वह अपने ईंट-भट्ठा से बाइक से घर लौट रहे थे। घटना की सूचना पर एसपी दक्षिणी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। और मृतक की पत्नी मीरा देवी की तहरीर पर मुकामी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मामले की पड़ताल कर रही।
गगहा व मंझगांवा संवाददाता के अनुसार गगहा थाना क्षेत्र के मेंहदिया निवासी 52 वर्षीय जय नारायण शाह उर्फ गुड्डू सेठ का गोला थाना क्षेत्र के कोपवा में ईंट भट्ठा है। रोज की भांति सोमवार की शाम को बाइक से वह घर लौट रहे थे।
ईंट भट्ठे से करीब दो से ढाई किलोमीटर अभी आगे ही बढ़े होंगे कि डेमुसा गांव के पास देर शाम करीब 7 बजे सड़क के किनारे गिरे हुए मिले। राहगीरों ने सड़क के किराने गिरा देख उन्हें पहचान लिया और इसकी सूचना उनके परिवारीजनों को दी। परिवारीजन उन्हें गगहा प्राइवेट नर्सिंग होम में ले गए। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

किसी ने गोली चलने की आवाज तो नहीं सुनी पर उनकी कनपटी पर गोली के निशान साफ दिख रहे थे। पहले लोगों ने सड़क हादसा समझा, लेकिन अस्पताल जाने के बाद गोली लगने बात सामने आई। उन्हे कई गोलियां मारी गई थी। घटना के बाद मुकामी पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दिया तो नवागत एसपी दक्षिणी एसके सिंह ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया और मामले के अविलम्ब खुलासे का निर्देश दिया। मृतक की पत्नी मीरा देवी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। तो वहीं पुलिस इस मामले में कुछ लोगों को उठाकर पूछताछ भी कर रही है।












