
उन्नाव(भास्कर)। जिले का ग्राफ लगातार लड़कियों और महिलाओं के साथ हो रहे दुष्कर्म के मामलों में बढ़ता जा रहा है। असोहा कांड़ मामले को बीते अभी कुछ ही दिन हुए थे कि आसीवन थाना क्षेत्र में शिक्षक द्वारा छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस द्वारा हीलाहवाली करने पर पीड़िता के पिता ने एसपी से गुहार लगाई है।
बता दें कि आसीवन थाना क्षेत्र के एक पिता ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी क्षेत्र के ही एक स्कूल मंे कक्षा 10 की छात्रा है। बताया कि विद्यालय में शिक्षक पद पर कार्यरत प्रदीप निवासी बीजीमऊ ने डरा धमका कर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और शिकायत करने पर जान से मार डालने की धमकी भी दी। पिता ने कहा कि दुष्कर्म करने के कुछ दिन बाद से शिक्षक बेटी को घर पर पढ़ाने आने लगा। 5 मार्च को शिक्षक द्वारा बेटी के साथ की जा रही गलत हरकत परिजनों ने देख ली। जिस पर पिता ने बेटी से सख्ती से पूछां तो उसने शिक्षक द्वारा किए दुष्कर्म व जान से मारे जाने की धमकी की बात पिता को बताई। पिता ने आसीवन थाने में शिकायत की पर पुलिस ने कोई सुनवाई नही की जिस पर पिता ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर आसीवन पुलिस ने बुधवार देर रात शिक्षक के खिलाफ रिर्पोट दर्ज की गई और छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा गया।












