
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में गुरुवार सुबह हुलासनगर रेलवे क्रॉसिंग पर एक बड़ा हादसा हो गया। चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन ने क्रॉसिंग पार कर रहे ट्रक, DCM और दो बाइक को टक्कर मार दी। जबकि शौच करने जा रहा एक ग्रामीण भी चपेट में आ गया। हादसे में DCM ट्रेन के इंजन में फंस गया, जिससे ट्रेन 500 मीटर दूर जाकर डिरेल हो गई। इस हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी, उनके डेढ़ साल के बच्चे समेत पांच लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग घायल हैं। ट्रेन के सभी यात्री सुरक्षित हैं। डिरेल इंजन को पटरी पर लाने का काम जारी है।
हादसे की सूचना पाकर DM-SP पुलिस बल मौके के साथ मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस ने शवों की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राहत-बचाव का काम जारी है। शुरुआती जांच में गेटमैन की लापरवाही सामने आई है। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने अफसरों को घायलों के समुचित इलाज का निर्देश दिया है। साथ ही मृतकों के आश्रितों को दो लाख रुपए आर्थिक मदद का ऐलान किया है।

गेटमैन ने क्रॉसिंग बंद करने में देरी की, लोग भी नहीं माने
बताया यह जा रहा है कि चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन के आने का सिग्नल मिला था। गेटमैन क्रॉसिंग बंद करने लगा था। गेटमैन ने ट्रेन को आता देख ट्रैक पर खड़े लोगों को हटने को भी कहा। लेकिन लोग नहीं माने। इतने में ट्रेन आ गई। जब तक लोग ट्रैक से हटते तब तक ट्रेन ने ट्रक, DCM और एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए। वाहनों से टकराकर ट्रेन करीब 500 मीटर दूर पर जाकर डिरेल हो गई।
हादसे में थाना तिलहर क्षेत्र के मोहल्ला उम्मरपुर गांव निवासी सिदाकत, उनकी पत्नी गुलिस्ता और डेढ़ साल की बेटी हमजा की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हुलासनगला गांव निवासी प्रेमपाल शौच करने के लिए रेलवे क्रासिंग पार कर रहा था। वह भी ट्रेन की चपेट में आ गया। वहीं, DCM और ट्रक के ड्राइवर गंभीर रुप से घायल हुए। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से दोनों को बरेली रेफर कर दिया गया है। जहां ट्रक ड्राइवर पंजाब के रहने वाले सतेंद्र की मौत हो गई। DCM ड्राइवर की भी हालत नाजुक है।
हादसे की खबर सुनते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलते ही DM इंद्र विक्रम सिंह, SP एस आनन्द और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के पीछे के कारणों और लापरवाही की जांच करने के लिए रेलवे प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस ने घटना के संबंध में लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और गार्ड के बयान दर्ज किए हैं। RPF इंस्पेक्टर ने मामले की प्राथमिक जांच शुरू की है।

मौके पर जुटे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी।
ट्रैक को सुचारू करने का चल रहा प्रयास
DM इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि बरेली और शाहजहांपुर के बीच हुलासनगर क्रॉसिंग पर ट्रेन की चपेट में एक DCM, ट्रक और एक बाइक आई है, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई है। एक का इलाज चल रहा है। हादसे में किसकी लापरवाही है। इसकी जांच रेलवे प्रशासन करेगा। ट्रैक को सुचारू करने की कोशिश की जा रही है।










