महिला वर्ल्ड कप : 22 वें मैच में बांग्लादेश को भारत ने 110 रनों से पीटा

भारत ने महिला वर्ल्ड कप के 22 वें मैच में बांग्लादेश को 110 रन से हरा दिया है। बांग्लादेश के सामने 230 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम 119 रन पर ऑलआउट हो गई। सलमा खातून (32) टॉप स्कोरर रही। भारत की ओर से स्नेह राणा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए। झूलन गोस्वामी और पूजा वस्त्रकर ने 2-2 विकेट लिए।

टीम इंडिया की बांग्लादेश के खिलाफ 5वीं जीत

टीम इंडिया की बांग्लादेश के खिलाफ ये लगातार 5वीं जीत है। जीत के साथ ही भारत महिला वर्ल्ड कप की पॉइंट्स टेबल में 6 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। अब भारत को अपना बचा हुआ एकमात्र मुकाबला 27 मार्च को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलना है। इसी के साथ भारतीय टीम ने सेमीफाइनल का दावा मजबूत कर लिया है।

पहली स्लिप में स्नेह राणा ने पकड़ा शर्मिन का कैच

टारगेट का पीछा करते हुए BAN की शुरुआत खराब रही और छठे ओवर में शर्मिन अख्तर 5 रन बनाकर राजेश्वरी गायकवाड़ की गेंद पर आउट हुई। शर्मिन का कैच पहली स्लिप में स्नेह राणा ने पकड़ा। भारत को दूसरी सफलता पूजा वस्त्रकर ने फरगना होक (0) को LBW आउट कर दिलाई। ये विकेट टीम इंडिया को रिव्यू पर मिला। दरअसल, अंपायर ने फरगना को नॉट-आउट दियाा था, जिसके बाद भारतीय कप्तान मिताली राज ने DRS की मांग की। रीप्ले में नजर आया कि गेंद लेग स्टंप को हिट कर रही थी।

बांग्लादेश का तीसरा विकेट 28 के स्कोर पर गिरा

बांग्लादेश का तीसरा विकेट 28 के स्कोर पर गिरा। कप्तान निगार सुल्ताना 11 गेंदों में 3 रन स्नेह राणा की गेंद पर आउट हुई। उनका कैच मिड ऑन पर हरमनप्रीत कौर ने पकड़ा। ओपनर मुर्शिदा खातून 54 गेंदों में 19 रन बनाकर पूनम यादव की गेंद पर आउट हुई। मुर्शिदा का कैच भी हरमन ने पकड़ा।

अगले ही ओवर में स्नेह राणा ने रुमाना अहमद (2) को आउट कर भारत को 5वीं सफलता दिलाई। रुमाना का कैच शॉर्ट लेग पर यास्तिका भाटिया ने पकड़ा। छठे विकेट के लिए सलमा खातून और लता मंडल ने 62 गेंदों पर 40 रन जोड़कर बांग्लादेशी पारी को संभाला। इस जोड़ी पर ब्रेक झूलन गोस्वामी ने सलमा (32) को आउट कर लगाई।

24 रन बनाकर लता मंडल हुई आउट

लता मंडल 24 रन बनाकर पूजा वस्त्रकर की गेंद पर आउट हुई। स्नेह राणा ने फहीमा खातून (1) को LBW कर मैच में अपना तीसरा विकेट लिया। स्नेह ने अगले ओवर में नाहिदा अख्तर (0) को आउट कर मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया।

बांग्लादेश ने 76 गेंदों के बाद अपनी पारी खेस चौका लगाया

बांग्लादेश ने 76 गेंदों के बाद अपनी पारी के पहला चौका लगाया। फरगना होक 7वीं बार वनडे में शून्य पर आउट हुई। बांग्लादेश की आधी टीम 35 के स्कोर पर पवेलियन लौट गई थी। इससे पहले टीम इंडिया ने टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए 6 विकेट खोकर 229 रन बनाए। यास्तिका भाटिया (50) टॉप स्कोरर रही, जबकि शेफाली वर्मा ने 42 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से रितु मोनी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। 2 विकेट नाहिदा अख्तर के खाते में आए।

पूजा-स्नेह की दमदार पार्टनरशिप

7वें विकेट के लिए स्नेह राणा और पूजा वस्त्रकर ने 38 गेंदों पर 48 रन जोड़कर भारत के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। आखिर के ओवरों में दोनों खिलाड़ियों ने मैदान के हर कोने में जोरदार शॉट्स लगाए। स्नेह 23 गेंदों पर 27 रन बनाकर जहांआरा आलम की गेंद पर आउट हुई। वहीं, पूजा ने 33 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाए।

अंतिम 5 ओवर में टीम इंडिया ने बनाए 46 रन। इस WC में पूजा वस्त्रकर 3 बार 30+ का स्कोर बना चुकी है। रितु मोनी (3/37) भारत के खिलाफ उनका ये सबसे बढ़िया प्रदर्शन है। बाएं हाथ की बल्लेबाज यास्तिका भाटिया 50 रन बनाकर आउट हुई। आउट होने से पहले उन्होंने मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया। यास्तिका का विकेट रितु मोनी के खाते में आया और उनका कैच शॉर्ट फाइन पर नाहिदा अख्तर ने पकड़ा। यास्तिका (50) वनडे क्रिकेट में उनका ये तीसरा अर्धशतक रहा। यास्तिका की ये लगातार दूसरी फिफ्टी रही। पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने 59 रन बनाए थे। इस WC की 5 पारियों में यास्तिका 176 रन बना चुकी है।

हरमन बड़ी पारी से चूक गई

भारत का चौथा विकेट उप-कप्तान हरमनप्रीत कौर के रूप में गिरा। हरमन 33 गेंदों पर 14 रन बनाकर रन आउट हुई। 73 पर 3 विकेट खोने के बाद टीम इंडिया को हरमनप्रीत से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने फैंस को निराश किया। हरमन के विकेट के बाद 5वें विकेट के लिए ऋचा घोष और यास्तिक भाटिया ने 69 गेंदों पर 54 रन जोड़कर भारतीय पारी संभाला। बढ़िया लय में नजर आ रही ऋचा 36 गेंदों में 26 रन बनाकर नाहिदा अख्तर की गेंद पर विकेट की पीछे निगार सुल्ताना को अपना कैच दे बैठी। हरमन और यास्तिका भाटिया ने चौथे विकेट के लिए 69 गेंदों पर 34 रन जोड़े। हरमनप्रीत कौर वनडे क्रिकेट में 9वीं बार रन आउट हुई। भारत का 5वां विकेट 162 के स्कोर पर गिरा था।

5 गेंदों में टीम इंडिया ने गंवाए 3 विकेट

टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए भारत की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने 90 गेंदों पर 74 रन जोड़े। मैच में 17 रन बनाते ही भारतीय स्टार ओपनर मंधाना ने इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में अपने 5,000 रन भी पूरे कर लिए। स्मृति और शेफाली की जोड़ी धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी और बांग्लादेश के ऊपर दबाव बढ़ता जा रहा था, तभी BAN ने जोरदार वापसी करते हुए 5 गेंदों के अंदर भारत के तीन विकेट लेकर अचानक से मैच की तस्वीर को बदल दिया।

5,000 रन पूरे करने के बाद स्मृति अपनी पारी को ज्यादा आगे नहीं बढ़ा सकी और 51 गेंदों पर 30 रन बनाकर नाहिदा अख्तर की गेंद पर आउट हुई। उनका कैच स्क्वायर लेग पर फरगना होक ने पकड़ा।

टीम इंडिया स्मृति के विकेट से संभली भी नहीं थी कि अगले ही ओवर में रितु मोनी ने शेफाली वर्मा का विकेट लेकर बांग्लादेश को दूसरी सफलता दिलाई। शेफाली 42 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हुई। उनको विकेट के पीछे बांग्लादेशी कप्तानी निगार सुल्ताना ने स्टंप आउट किया।

शेफाली के विकेट के बाद रितु मोनी ने अगली ही गेंद पर भारतीय कप्तान मिताली राज को शून्य पर आउट कर भारत को बड़ा झटका पहुंचाया। मिताली का कैच शॉर्ट कवर पर फहीमा खातून ने पकड़ा।

मंधाना (5013) इंटरनेशनल क्रिकेट में 5,000 रन बनाने वाली तीसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। पहली- मिताली राज, दूसरी- हरमनप्रीत कौर। स्मृति मंधाना (30) बांग्लादेश के खिलाफ ये उनका सबसे बढ़िया प्रदर्शन रहा। मिताली राज 7वीं बार वनडे में शून्य पर आउट हुई। शेफाली वर्मा (42) इस वर्ल्ड कप में उनका ये सबसे बढ़िया स्कोर है।

पूनम की हुई वापसी

इस मैच में लेगब्रेक स्पिनर पूनम यादव की प्लेइंग-11 में वापसी हुई है। उन्हें मेघना सिंह की जगह मौका मिला है। इस टूर्नामेंट में पूनम का ये पहला मुकाबला है। अब तक खेले 57 वनडे मैचों में उन्होंने 79 विकेट चटकाए हैं। वहीं, वर्ल्ड कप के 9 मैचों में उन्होंने 11 विकेट लिए हैं।

IND: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, मिताली राज (कप्तान), हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्नेह राणा, पूजा वस्त्रकर, झूलन गोस्वामी, राजेश्वरी गायकवाड़, पूनम यादव।

BAN: शर्मिन अख्तर, मुर्शिदा खातून, फरगना होक, निगार सुल्ताना (कप्तान), रुमाना अहमद, रितु मोनी, लता मंडल, सलमा खातून, नाहिदा अख्तर, फहीमा खातून, जहांआरा आलम

खबरें और भी हैं...