घायल जवानों से सीएम ने की मुलाकात, 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर मुर्तुजा

गोरखपुर । गोरखनाथ मंदिर के सुरक्षा कर्मियों पर हमले में घायल जवानों से मिलने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। सूबे के मुखिया ने हमलावर अहमद मुर्तजा अब्बासी को दबोचने के दौरान घायल दोनों जवानों गोपाल गौड़ और अनिल पासवान से मुलाकात की। उनके साहस और पराक्रम की सराहना की। आश्वस्त किया कि उनके इलाज की जिम्मेदारी सरकार उठाएगी। इस दौरान घायलों के परिजनों से भी मुलाकात की। इधर, कोर्ट ने सुनवाई के बाद आरोपित मुर्तुजा अहमद अब्बासी को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

उधर, हमलावर को बाइक से मंदिर छोड़ने वाले दो युवकों को एटीएस ने महराजगंज जिले से उठाया है। दोनों संदिग्ध बताए जा रहे हैं। पीएसी के इन आरक्षियों और नागरिक पुलिस के आरक्षी अनुराग राजपूत के लिए पांच लाख रुपये इनाम की घोषणा मुख्यमंत्री ने सोमवार दोपहर में ही कर दी थी।

अहमद मुर्तुजा अब्बाशी रिमांड पर

आरोपित हमलावर अहमद मुर्तुजा अब्बासी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। भारी सुरक्षा के बीच आरोपित अहमद मुर्तजा को एसीजेएम कोर्ट फर्स्ट दीपक कुमार के कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

बता दें कि गोरखनाथ मंदिर में रविवार को एक शख्स ने सुरक्षा में तैनात सिपाहियों पर हमला किया। इस घटना में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। मंदिर की सुरक्षा में तैनात सिपाहियों पर हमले की खबर मिलते ही पुलिस अफसर मौके पर दौड़ पड़े। गोरखपुर से लखनऊ तक अफसरों के मोबाइल फोन घनघनाने लगे थे।

खबरें और भी हैं...