
भाजपा के सुदामा पटेल को महज 170 और सपा के उमेश यादव को 345 मत मिला
वाराणसी। वाराणसी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य (एमएलसी)चुनाव में मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पहड़िया मंडी में मतगणना के बाद निर्दलीय अन्नपूर्णा सिंह भारी मतों से जीत गई।
चुनाव में कपसेठी हाउस का दबदबा दिखा। भाजपा और सपा के उम्मीदवार शुरू से ही पिछड़ गये। चुनाव में दूसरे और अन्तिम चक्र की मतगणना में चर्चित बृजेश सिंह की पत्नी अन्नपूर्णा सिंह को 4234, भाजपा के सुदामा पटेल को 170 और समाजवादी पार्टी के उमेश यादव को 345 मत मिला। चुनाव में पड़े कुल 4876 मतों में 127 मत निरस्त कर दिया गया। इसके पूर्व पहले चक्र में 2400 मतों की गिनती में अन्नपूर्णा सिंह को 2058,भाजपा के डॉ सुदामा पटेल को 103,सपा के उमेश यादव को 171 मत मिला था। गिनती में 68 मत निरस्त कर दिया गया। जिलाधिकारी के अनुसार द्वितीय चक्र में बचे हुए 2476 मतों की गिनती हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि निरस्त मत को हटाते हुए कुल वैध मत 4749 रहा। जीतने के लिए आवश्यक कोटा = (4749/2) 1 = 2375 रहा। अन्न पूर्णा सिंह निर्धारित कोटा से ज्यादा मत प्राप्त कर विजयी हुई।
चुनाव में मतगणना के लिए आठ टेबल और आरओ का टेबल अलग लगाया गया। एक-एक टेबल पर माइक्रो आब्जर्बर समेत चार गणना कर्मियों की तैनाती की गई थी। एक चक्र में एक-एक टेबल पर 600 वोटों की गिनती हुईं । चुनाव में वाराणसी में 11 बूथ, चंदौली में नौ, भदोही में छह बूथ पर मतदान हुआ था। कुल 26 बूथों पर वोटरों की संख्या 4949 थी पर 98 फीसद यानी 4876 वोट पड़े ।














