
जिस बैंक में हो खाता उसका आधार से लिंक होना जरूरी
जनपद में अब तक मिला 98000 गर्भवती हुईं लाभान्वित
पहली बार गर्भवती को मिलते हैं तीन किश्तों में 5000 रुपये
कानपुर। पहली बार मां बनने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत तीन किस्तों में 5000 रुपए देने की योजना वरदान साबित हो रही है। इस योजना का उद्देश्य गर्भवती और गर्भस्थ शिशु को पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराना है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नैपाल सिंह ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य पहली बार गर्भवती हुई महिला इस अवस्था में पर्याप्त पोषक आहार ले सकें, जिससे कि जच्चा और बच्चा स्वस्थ रहे तथा एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।
सीएमओ का कहना है इस योजना से सम्बंधित सभी लाभार्थी अपने बैंक में जाकर अपने खाता का नो योर कस्टमर (केवाईसी) अवश्य करा लें। एक बार लेन-देन अवश्य कर लें। ताकि लाभार्थियों को आसानी से इस योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनवरी 2017 से अब तक 40,43,39,000 लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खाते में रुपया भेजा जा चुका है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ पाने के लिए लाभार्थी अपने खाते में केवाईसी (नो योर कस्टमर) अवश्य करायें।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के नोडल अधिकारी डॉ एसके सिंह का कहना है की लाभार्थी का खाता जिस बैंक में है उसे आधार से लिंक होना जरुरी है जिससे ससमय भुगतान किया सके। उन्होंने कहा की कई बैंक आपस में अब मर्ज हो ये हैं इसलिए अपना आधार ज़रूर अपडेट करवा लें। उनका कहना है की कभी भी मोबाइल पर आये ओटीपी को किसी से भी साझा ना करें।
पीएमएमवीवाई की जिला कार्यक्रम समन्वयक गजाला इरम ने बताया कि योजना के तहत जनवरी 2017 से अब तक के पहली बार मां बनने वाली 98000 महिलाओं को लाभ दिया जा चुका है।
यह दस्तावेज हैं जरुरी
इसके अलावा पीएचसी/सीएचसी पर भी पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए माता-पिता का आधार कार्ड, लाभार्थी मां की बैंक पासबुक की फोटो कापी जरूरी है। लाभार्थी मां का बैंक अकाउंट ज्वाइंट नहीं होना चाहिये। निजी अकाउंट ही मान्य होगा। यदि बच्चे का जन्म हो चुका है तो मां और बच्चे दोनों के टीकाकरण का प्रमाणिक पर्चा होना जरुरी है।














