
हाथरस: हसायन कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात दुष्कर्म का मामला सामने आया है. युवक युवती को उसके घर से मुंह बंद कर अपने घर की छत पर ले गया. उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. इसके बाद युवती के हाथ-पैर बांधकर पड़ोसी की छत पर फेंक दिया. पीड़ित परिवार ने इसकी सूचना थाने में दी. पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है.
16 मई की शाम थाना हसायन क्षेत्र निवासी एक शख्स ने सूचना दी गई कि उसकी करीब 18 साल की बेटी रात में घर के बरामदे में सो रही थी. तभी गांव का ही एक युवक नीरज उसको घर से ले गया और उसके साथ गलत काम किया. सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक थाना हसायन ने मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया. परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर थाना हसायन में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है.
पीड़िता के भाई ने बताया कि उसकी बहन रात को घर में सो रही थी. जब वह रात को उठा तो वह लापता थी. उसने बहुत ढूंढा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला. सुबह गांव के ही एक परिचित शख्स का फोन आया कि उसकी बहन छत पर हाथ-पैर बंधी हुई पड़ी है. इसके बाद पीड़िता ने वारदात की पूरी जानकारी दी. उसने बताया कि गांव का ही एक युवक उसे मुंह बंद कर उठा ले गया था. उसने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. भाई बहन को लेकर थाने आया और घटना की पूरी जानकारी दी.













