
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान एक बार फिर से सोशल मीडिया पर छा गए हैं। उनका एक बयान वायरल हो रहा है, जिस पर लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं। दरअसल, उन्होंने पाकिस्तान मुस्लिम लीग-एन की उपाध्यक्ष मरियम नवाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
मरियम ने बड़े ही जुनून के साथ मेरा नाम लिया- पूर्व पीएम
मुल्तान की रैली को संबोधित करते हुए इमरान खान ने मरियम नवाज की सरगोधा रैली का जिक्र करते हुए कहा- किसी ने मुझे सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, मरियम कल कहीं भाषण दे रही थीं, सोशल मीडिया पर जो भाषण मुझे मिला उसमें मरियम ने इतने जुनून के साथ मेरा नाम लिया कि मैं उनसे कहना चाहूंगा मरियम सावधान रहें! जैसे आप मेरा नाम दोहराती हैं, कहीं आपके पति परेशान न हो जाएं।
सोशल मीडिया पर हो रही इमरान खान की आलोचना
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर राजनेताओं और लोगों ने इमरान को घेर लिया है। लोगों ने टिप्पणी को अमर्यादित बताया। एक यूजर ने लिखा- यह राजनीतिक शिष्टाचार को चकनाचूर करने वाला बयान है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ, जो मरियम नवाज के चाचा भी हैं, ने ट्विटर पर इमरान खान के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा- पूरे देश, विशेष रूप से महिलाओं को राष्ट्र की बेटी मरियम नवाज के खिलाफ इस्तेमाल की जाने वाली अपमानजनक भाषा की कड़ी निंदा करनी चाहिए। शरीफ ने ट्वीट किया- जो लोग मस्जिद नबावी की पवित्रता का सम्मान नहीं कर सकते हैं उनसे किसी की मां, बहनों और बेटियों के सम्मान की उम्मीद कैसे की जा सकती है?
इमरान खान की इस सेक्सिस्ट टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा कि वह PTI अध्यक्ष की अपमानजनक भाषा की निंदा करते हैं। उन्होंने कहा- जिनके घरों में मां और बहनें हैं, वे दूसरी महिलाओं के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करते हैं। कृपया, राजनीति के नाम पर इतना नीचे मत गिरो।
पूर्व पत्नी ने इमरान को कहा- एकदम घटिया आदमी
इमरान खान की पूर्व पत्नी रेहम खान ने मरियम नवाज पर इमरान खान की टिप्पणी को लेकर लिखा- मुझे इस बात पर बहुत शर्मिंदगी है कि मैं कभी ऐसे घटिया आदमी से जुड़ी हुई थी। कुछ दिन पहले इमरान खान का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो खुद की तुलना गधे से कर रहे थे। उन्होंने कहा था- मैं ब्रिटिश समाज का हिस्सा था, लेकिन मैंने उसे कभी स्वीकार नहीं किया।
वे मेरा स्वागत करते हैं। इसके बावजूद मैंने कभी उसे अपना घर नहीं माना, क्योंकि मैं पाकिस्तानी था। इमरान ने आगे कहा- मैं जो मर्जी कर लूं, मैं अंग्रेज तो बन नहीं सकता। आप अगर गधे के ऊपर लकीरें डाल दें तो वह जेब्रा नहीं बन जाता। गधा, गधा ही रहता है।
पहले भी दे चुके हैं गलत बयान
यह पहला मौका नहीं है, जब इमरान खान ने गलत बयान दिया हो। इससे पहले भी वह ऐसे बयान देते आए हैं। उन्होंने रेप की घटनाओं पर आपत्तिजनक बयान दिए थे। हाल ही में इमरान खान के खिलाफ पाकिस्तानी संसद में अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। काफी बवाल के बाद उन्हें कुर्सी छोड़नी पड़ी थी। जिसके बाद शाहबाज शरीफ को पाकिस्तान का नया प्रधानमंत्री बनाया गया।















