सीतापुर : युवक का मिला शव, आत्महत्या की आशंका

सीतापुर। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक का शव खेत में पड़ा मिला। मौके से सल्फास की गोलियां भी मिलीं, जिससे युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक को पुलिस किसी मामले में पिछले कुछ दिनों से तलाश भी कर रही थी। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भोगीपुर निवासी सुनील कुमार उर्फ मटरू (30) पुत्र सुन्दरलाल का शव सोमवार को गौरीशंकर मन्दिर के पास एक खेत में पड़ा मिला। घास लेने गए ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना पुलिस व परिजनों को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की, जहां से मृतक के कपड़े व सलफास की दो गोलियां मिलीं। माना जा रहा है कि युवक ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की है। मृतक के भाई दुबरे ने बताया कि करीब पॉंच दिन पूर्व अन्य थाने की पुलिस ने किसी मामले को लेकर सुनील की तलाश के लिये घर पर छापेमारी की थी। मगर सुनील घर पर नहीं मिला। फोन पर संपर्क करने पर सुनील के महोली के कचूरा गांव में रिश्तेदार के घर होने की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस वहां भी गई थी लेकिन तब तक सुनील वहां से भाग चुका था। पुलिस ने उसका मोबाइल व अन्य कागजात कब्जे में ले लिया था।

थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस किस मामले में युवक की तलाश कर रही थी, इसका भी पता लगाया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...