
श्रीलंका में चल रहे ईंधन संकट को कम करने के लिए सरकार अब जल्द ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट दोबारा शुरू करेगी। इसकी जानकारी परिवहन और राजमार्ग मंत्री बंडुला गुणवर्धने ने गुरुवार को रेलवे मुख्यालय में एक चर्चा के दौरान दी।
बंडुला ने कहा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट सर्विस की कमी को पूरा करने के लिए अगर कोई सही कदम उठाया जा सकता है तो वो यही है कि इसे सुधार के साथ दोबारा से शुरू किया जाए।
मंत्री ने तत्काल सुविधा को लागू करने के लिए दिये आदेश
कोलंबो मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्री ने आदेश दिए कि इस सुविधा को लागू करने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। हमें ईंधन संकट के कारण यात्रियों को होने वाली असुविधा को जल्द से जल्द खत्म करना है। जिन ट्रेनों के डिब्बों का इस्तेमाल नहीं हो रहा है, उन्हें भी एक महीने के भीतर दोबारा से चालू किया जाएगा। चर्चा के दौरान रेलवे के महाप्रबंधक और परिवहन मंत्रालय के सचिव भी गुणवर्धन के साथ शामिल रहे।
ट्रेनों की संख्या बढ़ने से दूर होगी ईंधन की कमी
मंत्री ने कहा कि राष्ट्र में ईंधन की कमी को दूर करने के लिए यह भी जरूरी है कि ट्रेनों की संख्या को भी बढ़ाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने देश के लोगों को रोजाना आने वाली आर्थिक परेशानी और बच्चों की शिक्षा की ओर भी ध्यान दिया।
इन दिनो सबसे बड़े आर्थिक संकटों से जूझ रहा श्रीलंका
1948 में ब्रिटेन से आजादी के बाद से श्रीलंका सबसे बड़े आर्थिक संकट से गुजर रहा है। ईंधन की कमी है, रसोई गैस और अन्य जरूरी चीजों के लिए लंबी कतारें लगी हैं, जबकि बिजली कटौती और खाद्य कीमतों में बढ़ोतरी ने लोगों का जीना और मुहाल कर दिया है। इस स्थिति के चलते लोगों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन भी किए हैं।
राष्ट्रपति ने मांगी सहायता
राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे गुरुवार को जापान में आयोजित 27वें इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस (फ्यूचर ऑफ एशिया) में वीडियो कॉल के जरिए शामिल हुए। यहां उन्होंने इंटरनेशनल कम्यूनिटी से देश की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए मदद मांगी।
उन्होंने कहा कि श्रीलंका को दवाओं, खाद्य और ईंधन की सख्त जरूरत है। हम वर्तमान में एक गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं, जिसने सभी श्रीलंकाई लोगों के जीवन पर गहरा प्रभाव डाला है। हमें इंटरनेशनल कम्यूनिटी से अपने दोस्तों की मदद चाहिए। श्रीलंका के लोगों से भी मदद की अपील करता हूं।














