
जयपुर में एक बार फिर कुत्तों के हमले में एक मासूम बुरी तरह जख्मी हो गया है। इसका दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है। घटना पत्रकार कॉलोनी के राधा निकुंज कॉलोनी में 19 मई की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है।
यहां दोपहर के समय एक बच्चा खेलते हुए घर के बाहर निकला तो अचानक 6 कुत्तों ने हमला कर दिया। बच्चा अपनी जान बचाने के लिए भागता रहा। गाड़ी के पीछे भी छुपा, लेकिन कुत्तों ने उसे घेर लिया। बच्चे का नाम दक्ष बताया जा रहा है। दक्ष को कुत्तों ने 40 जगह से नोंचा डाला। हालांकि बच्चे की हालत पहले से ठीक है। वहीं, इस घटना के बाद भी नगर निगम एक्टिव नहीं हुआ है। घटना की जानकारी दी गई लेकिन आज तक यहां पर कुत्ते पकड़ने वाली गाड़ी नहीं आई।
महिलाओं ने बचाई जान
बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनकर वहां से निकल रहीं दो महिलाओं ने कुत्तों को भगा बच्चे की जान बचाई। अगर ये चारों मौके पर नहीं पहुंचते तो कुत्ते बच्चे की जान ले लेते। हैरानी की बात ये है कि इस कॉलोनी में कुत्ते पहले भी एक बच्चे की जान ले चुके हैं। तब भी नगर निगम की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
पहले भी दो बच्चों पर किया हमला, एक की हो चुकी मौत
मूर्ति बनाने का काम करने वाले जितेन्द्र मिश्रा ने बताया कि कुछ लोग आ गए तो उनका बच्चा बच गया। कई बार शिकायत देने के बाद भी नगर निगम की ओर से यहां से कुत्ते नहीं पकड़े जा रहे। पहले भी कुत्तों का दो बच्चों पर हमला हो चुका है। इसमें एक की मौत भी हो चुकी है।













