
औरैया में एक 17 साल की किशोरी का शव नग्न हालत में गांव से आधा किलोमीटर दूर बाजरे के खेत में पड़ा मिला। उसके गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था। यह देखकर परिजनों ने रेप के बाद हत्या का आरोप लगाया है। एसपी चारू निगम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। मामला दिबियापुर थाना क्षेत्र में एक गांव का है। यहां के एक किसान की 17 साल की बेटी सोमवार सुबह करीब 8 बजे खेत गई थी। तभी यह घटना हुई।
पिता बोला- रेप के बाद की गई हत्या
किशोरी के पिता ने बताया, “जब मैं खेतों से घर लौटा, तो बेटी घर पर नहीं मिली। उसकी तलाश शुरू की, तो पता चला कि वह खेत की तरफ गई थी। उसके बाद घर से करीब 500 मीटर दूर बाजरे के खेत में काफी अंदर बेटी का शव नग्न हालत में पड़ा मिला। उसके गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था।”
पिता ने बेटी के साथ रेप और दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या का आरोप लगाया। सूचना पर दिबियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी समेत कई थानों की फोर्स गांव पहुंची। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।
200 मीटर तक घसीटा गया
जिस बाजरे के खेत में शव पड़ा मिला है, वहां आसपास करीब 200 मीटर तक बाजरा टूटा पड़ा मिला। मिट्टी पर घसीटने के निशान भी मिले हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि किशोरी ने मरने से पहले बचने के लिए संघर्ष किया होगा। पुलिस और फोरेंसिक की टीम ने भी मौके से तथ्य जुटाए हैं। पुलिस को मौके से चप्पल भी मिली हैं, जिसके बाद डॉग स्क्वायड को बुलाकर जांच शुरू कर दी गई है।
डॉक्टरों का पैनल करेगा पोस्टमॉर्टम
एसपी चारू निगम ने बताया, “17 साल की किशोरी के शव बाजरे के खेत में न्यूड पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर जांच की गई है। मृतका के पिता ने रेप के बाद हत्या का आरोप लगाया है। इसे देखते हुए डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। परिजनों ने किसी पर शक नहीं व्यक्त किया है। मामले के खुलासे के लिए 10 टीमें बनाई गई हैं, जिसमें सर्विलांस और SOG की टीमें भी शामिल हैं।” पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़ित के घर पर भी शौचालय बना हुआ है। इसके बाद भी वह बाहर खेतों पर ही शौच के लिए जाती थी। इसको लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
बड़ी बहन की हो चुकी है शादी, भाई गुजरात में रहता है
बताया जाता है कि मृतका की दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। उसका भाई अपने परिवार के साथ सूरत (गुजरात) में रहता है। मां और पिता के साथ किशोरी घर पर रहती थी।
कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा- ‘जंगलराज’














