पिता ने डांटा तो रेल की पटरी पर लेट गया नाराज बेटा, फिरोजाबाद जंक्शन के CCTV में कैद हुई घटना

फिरोजाबाद में एक आईटीआई छात्र पिता की डांट से नाराज होकर आत्महत्या करने के लिये रेल की पटरियों पर जाकर लेट गया। उसे रेल की पटरियों पर लेटा देख जीआरपी और यात्री दौड़ पड़े। तुंरत उसके हाथ पैर पकड़कर उठाकर प्लेटफॉर्म पर लाए। उससे आत्मघाती कदम उठाने का कारण पूछा तो उसने पूरी बात बताई।

मामला फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन का है, जिले के हिमायुपुर के रहने वाले संजय कुमार का बेटा मनोज कुमार (20) पास के कॉलेज से आईटीआई कर रहा है। मनोज दोपहर करीब 12 बजे फिरोजाबाद जंक्शन पर पहुंचा।

करीब 15 मिनट तक वह प्लेटफॉर्म पर टहलता रहा। इसके बाद ट्रेन की हॉर्न सुनकर वह प्लेटफाॅर्म के किनारे पहुंचा ट्रेन को पास आती देखकर पलक झपकते ही पटरियों के बीच में जाकर लेट गया।

GRP सब इंस्पेक्टर देखते ही दौड़े

छात्र के लेटते ही सामने वाले प्लेटफॉर्म पर मौजूद जीआरपी के सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार आनन फानन में दौड़े। उनके पीछे यात्री भी दौड़ पड़े। सभी ने मनोज को हाथ-पैर पकड़कर उठाया और पटरियों को पारकर प्लेटफॉर्म पर लेकर आए। उसके बाद उससे पूछताछ शुरू की। यह पूरी घटना रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी। बताया जाता है कि 2 मिनट बाद मालगाड़ी उसी लाइन पर आने वाली थी।

छात्र बोला- पापा ने कहा था कभी शक्ल मत दिखाना

जीआरपी सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया, ” युवक से मैंने बात की, युवक को उसके पिता ने पढ़ाई को लेकर डांट दिया था और कहा था कि तुम अपना मुंह मत दिखाना। इसीसे वह नाराज था और आत्महत्या करने के लिये थाना लाइनपार इलाके से जंक्शन पर आया था।

प्लेटफॉर्म-2 पर आने वाली थी ट्रेन

सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार के मुताबकि, ” प्लेटफॉर्म-1 पर मालगाड़ी आने वाली थी। ये देखकर छात्र पटरी पर सिर और पैर रखकर लेट गया। लेकिन समय रहते यात्रियों की मदद से उसे उठा लिया गया। उसके परिजनों को बुलाकर उन्हें सौंप दिया गया है। आगे से उसे ऐसा न करने की हिदायत दी गई है। पिता को भी समझाया गया है। छात्र के पिता मजदूरी करते हैं। “

खबरें और भी हैं...