
सीएनजी/पीएनजी में 3 रुपये प्रति किलो की बढ़ोत्तरी ऑटो, टैक्सी, मालभाड़ा सहित दिल्ली की जनता पर बढ़ती महंगाई में एक और कुठाराघात साबित होगी
भास्कर ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा सीएनजी/पीएनजी की दरों में 3 रुपये प्रति किलो की वृद्धि करके बढ़ती महंगाई में दिवाली से पूर्व लोगों पर अतिरिक्त बोझ डालने का दिल्ली कांग्रेस विरोध करती है और मांग करती है कि सरकारें तेल और गैस का जो खेल चला रही हैं उसे बंद करें और सीएनजी/पीएनजी की बढ़ी हुई दरें तुरंत प्रभाव से वापस लेकर जनता को राहत प्रदान करें। उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार और प्रवासी मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की दिल्ली सरकार की असंवेदनशीलता के कारण पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की दरों का अंतर लगातर खत्म होता जा रहा है, जो बढ़ती महंगाई के लिए सबसे बड़ा कारक है। संवाददाता सम्मेलन में कम्युनिकेशन विभाग के वाईस चेयरमैन अनुज आत्रेय भी मौजूद थे।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए अनिल भारद्वाज ने कहा कि 1998 में कांग्रेस की शीला सरकार आने के बाद जिन उद्देश्यों से प्रदूषण को कम करने के लिए स्वच्छ पर्यावरण के लिए वाहनों को डीजल की जगह सस्ती सीएनजी से चलाने की पहल की थी, आज बढ़ती सीएनजी की दरों से वह प्रयास विफल हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने सभी व्यवसायिक और निजी वाहनों को सीएनजी कृत करके प्रदूषण सुधार में क्रांतिकारी बदलाव किए थे, परंतु दिल्ली में अरविन्द केजरीवाल द्वारा हर वर्ष प्रदूषण रोकथाम के दिखावी प्रयासों के कारण प्रदूषण खतरनाक स्तर पर बना रहता है। उन्होंने कहा कि सीएनजी की दरों में 3 रुपये प्रति किलों की बढ़ोत्तरी से ऑटो, टैक्सी, मालभाड़ा में बढ़ोत्तरी होना दिल्ली की जनता पर महंगाई का एक और कुठाराघात है।












