
नोएडा में नशे में धुत लड़की ने सिक्योरिटी गार्ड के साथ बदसलूकी की। घटना शुक्रवार रात सेक्टर 121 की अजनारा होम्स हाउसिंग सोसाइटी की है। जिस समय लड़की गार्ड के साथ बदतमीजी कर रही थी, उस समय वहां पुलिस भी मौजूद थी। लेकिन, गार्ड को बचाने की जगह तमाशा देखती रही।
बाद में पुलिस ने शांति भंग की धारा में फेस-3 थाना क्षेत्र में 2 लड़कियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि लड़कियां कार से सोसाइटी पहुंचीं। कार पर स्टीकर नहीं लगा था, इसलिए गार्ड ने गेट नहीं खोला। इस बात पर वे भड़क गईं और जमकर ड्रामा किया।
थम नहीं रहीं सिक्योरिटी गार्ड्स पर थप्पड़ बरसाने वाली घटनाएं, नोएडा का एक और VIDEO वायरल…
— Nitesh Srivastava (@nitesh_sriv) October 9, 2022
Noida के सेक्टर 121 की अजनारा होम्स हाउसिंग सोसाइटी का मामला
नशे में धुत लड़की, गार्ड का कॉलर पकड़कर करती रही बदसलूकी, वहां मौजूद लोग बनाते रहे VIDEO pic.twitter.com/hMX3xJJRjU
गार्ड पीछे हाथ बांधकर खड़ा रहा
घटना के वायरल वीडियो में दिख रहा है कि 3 लड़कियां शराब के नशे में धुत हैं। इनमें से एक ने गार्ड का कॉलर पकड़ा और उसकी टोपी फेंक दी। इस दौरान गार्ड पीछे हाथ बांधकर खड़ा रहा। लड़की किसी विशु के बारे में भी पूछ रही है। वीडियो में दिख रहा है कि हंगामा करने वाली लड़की न ठीक से खड़ी हो पा रही है न बोल पा रही है।
अजनारा होम्स में किराए पर रहती है लड़की
इस दौरान उसके साथ खड़ी एक और लड़की उसे ये सब करने से मना करती है, लेकिन वह नहीं मानती है। वह कहती है- मेरा बाप भी तो है कुछ। हंगामा कर रही लड़की की दोस्त भी मोबाइल लेकर वीडियो बनाती हुई दिख रही है। पुलिस ने बताया कि लड़कियां अजनारा होम्स में किराए पर रहती हैं।
फूड सप्लीमेंट सप्लाई का बिजनेस करती है लड़की
ADCP एसएम खान ने बताया कि दोनों युवतियों के खिलाफ NCR यानी नॉन कॉग्निजेबल रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई है। 1 मिनट 21 सेकंड के वीडियो में साफ दिख रहा है युवती नशे में धुत है। कॉलर पकड़ने वाली लड़की का नाम अंजली है और नैनीताल की रहने वाली है। वहीं दूसरी काकुल है। अंजली का फूड सप्लीमेंट का काम है, जिसे जिम में सप्लाई किया जाता है।











