बीजेपी का मिशन 2024 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 40 जगह करेंगे मेगा रैली, जानिए क्या बनी रणनीति

BJP ने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, इसके लिए पार्टी 2019 में हारी 144 लोकसभा सीटों पर रैलियां करने की योजना बना रही है। इन लोकसभा सीटों में से 40 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 40 बड़ी रैलियां करेंगे। बची हुई सीटों पर BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत बड़े नेता सभाएं करेंगे। इस पूरी रणनीति को ‘लोकसभा प्रवास योजना फेज-2’ कहा गया है।

भाजपा का फोकस जीती हुई सीटों पर दोबारा जीत दर्ज करने के साथ ही उन सीटों पर भी है, जहां पार्टी दूसरे या तीसरे नंबर पर रही थी। ऐसी ज्यादातर सीटें पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, महाराष्ट्र, पंजाब, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, तमिलनाडु की हैं। इनमें भी सबसे ज्यादा सीटें पश्चिम बंगाल की हैं। बंगाल के बाद दक्षिण भारतीय राज्यों में ऐसी सीटों की संख्या सबसे ज्यादा है, जहां पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को जीत नहीं मिली थी।

UP में सोनिया तो महाराष्ट्र में सुप्रिया की सीट पर नजर
कुछ खास सीटों का जिक्र करें तो इनमें उत्तर प्रदेश की रायबरेली (सोनिया गांधी, कांग्रेस) और मैनपुरी (मुलायम सिंह यादव, सपा), महाराष्ट्र की बारामती (सुप्रिया सुले, राकांपा), पश्चिम बंगाल की यादवपुर (मिमी चक्रवर्ती, तृणमूल), तेलंगाना की महबूब नगर (श्रीनिवास रेड्डी, टीआरएस) और मध्य प्रदेश की छिंदवाड़ा (नकुल नाथ, कांग्रेस) शामिल हैं। इन सभी सीटों पर 2019 में मोदी लहर के बावजूद भाजपा को कामयाबी नहीं मिली थी।

सितंबर में नड्डा-शाह की मीटिंग में लिखी गई स्क्रिप्ट
भाजपा ने 6 सितंबर को दिल्ली मुख्यालय में एक मीटिंग बुलाई थी। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह ने इस मीटिंग में उन 144 लोकसभा सीटों का एनालिसिस किया, जो 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के लिए कठिन मानी जा रही हैं। इस बैठक में शामिल हुए 25 केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें सौंपे गए 3 से 4 लोकसभा क्षेत्रों में उनके काम को लेकर रिपोर्ट्स पेश की थीं। इसके बाद पार्टी ने लोकसभा प्रवास योजना फेज-2 तैयार की।

मोदी की रैलियों के लिए 40 क्लस्टर तय किए गए
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, PM मोदी जिन 40 लोकसभा सीटों पर बड़ी रैलियां करेंगे, उन्हें 40 कलस्टर में बांटा गया है। नए प्लान के मुताबिक प्रधानमंत्री इन सभी 40 क्लस्टर में जनसभा करेंगे। इन कलस्टर्स के प्रभारी कैबिनेट मंत्री होंगे। बाकी बचीं 104 सीटों पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दूसरे केंद्रीय कैबिनेट मंत्री पहुंचकर सभाएं करेंगे।

असंतुष्ट कार्यकर्ताओं से बात करेंगे केंद्रीय नेता
लोकसभा प्रवास योजना फेज-2 में हर कलस्टर का प्रभारी कैबिनेट मंत्री को बनाने के पीछे पार्टी की खास रणनीति है। इसके मुताबिक अपने प्रवास के दौरान क्लस्टर प्रभारी स्थानीय असंतुष्ट नेताओं और कार्यकर्ताओं की शिकायतों को सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे। प्रभारियों को क्षेत्र की बड़ी स्थानीय हस्तियों के साथ नियमित बैठकें करने की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।

क्लस्टर प्रभारी धर्मगुरुओं से मिलने भी जाएंगे
यात्रा के दौरान क्लस्टर के प्रभारी कैबिनेट मंत्री को स्थानीय धार्मिक नेताओं, संतों और अलग-अलग समुदायों के स्थानीय नेताओं के साथ उनके घर जाकर बैठकें करनी होंगी। स्थानीय सामुदायिक उत्सवों और रीति-रिवाजों में भी सक्रिय रूप से भाग लेना होगा। साथ ही क्षेत्र में होने वाले अनुष्ठानों और नुक्कड़ कार्यक्रमों में भी शामिल होना होगा।

डॉक्टरों-वकीलों के साथ मीटिंग भी करेंगे मंत्री
इन कार्यक्रमों के अलावा उन्हें संघ के सभी सहयोगी संगठनों के स्थानीय अधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ-साथ प्रभारी नेताओं के साथ बैठकें आयोजित करनी होंगी। क्लस्टर प्रभारियों को स्थानीय प्रभावी वोटर्स जैसे वकील, डॉक्टर, प्रोफेसर, बिजनेसमैन समेत अन्य पेशेवरों के साथ भी बैठकें करनी होंगी।

खबरें और भी हैं...